भारत बनेगा 'चिप हब', सेमिकॉन इंडिया प्रोग्राम में ₹1.6 लाख करोड़ का निवेश, 10 मेगा प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी

इलेक्ट्रॉनिक्स एंड आईटी मंत्रालय के मुताबिक, स्टार्टअप्स के जरिये 24 चिप डिजाइन प्रोजेक्ट्स शुरू किये गए हैं. इनमें से 16 ने टेप-आउट (चिप डिजाइन की प्रक्रिया का अंतिम चरण) पूरा कर लिया है और 13 प्रोजेक्ट्स को वेंचर कैपिटल फंडिंग मिल चुकी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

भारत अब दुनिया के सेमीकंडक्टर मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है. सेमिकॉन इंडिया प्रोग्राम के तहत देश में चिप डिजाइन, निर्माण और पैकेजिंग के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत हो चुकी है. केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने संसद में जानकारी दी कि सरकार ने अब तक 1.6 लाख करोड़ रुपये के कुल निवेश वाली 10 बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है.

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा, "सरकार ने लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये की निवेश वाली 10 परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है, जिनमें 2 फैब और 8 पैकेजिंग इकाइयां शामिल हैं. इन इकाइयों में CMOS फैब, सिलिकॉन कार्बाइड फैब, एडवांस्ड पैकेजिंग, मेमोरी पैकेजिंग आदि शामिल हैं. ये परियोजनाएं कार्यान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं और 4 इकाइयों में प्रायोगिक उत्पादन शुरू हो चुका है".

इलेक्ट्रॉनिक्स एंड आईटी मंत्रालय के मुताबिक, स्टार्टअप्स के जरिये 24 चिप डिजाइन प्रोजेक्ट्स शुरू किये गए हैं. इनमें से 16 ने टेप-आउट (चिप डिजाइन की प्रक्रिया का अंतिम चरण) पूरा कर लिया है और 13 प्रोजेक्ट्स को वेंचर कैपिटल फंडिंग मिल चुकी है. इस तरह के प्रोजेक्ट्स की वजह से विशेषकर छोटे शहरों एवं कस्बों में आईटी क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है. नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विसेज कंपनियों (NASSCOM) द्वारा जारी आकड़ों के मुताबिक, आईटी क्षेत्र की आय 196 अरब अमेरिकी डॉलर थी, जो चार साल में 2024-25 तक बढ़कर 283 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गई है.

इन सेमीकंडक्टर विनिर्माण परियोजनाओं को मिली

  1. माइक्रोन टेक्नोलॉजी इंक. गुजरात में 22,516 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है.
  2. टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (टीईपीएल) गुजरात में 91,526 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है.
  3. टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (टीईपीएल) असम में 27,120 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है.
  4. सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड गुजरात में 7,584 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है.
  5. केयन्स टेक्नोलॉजी इंडिया लिमिटेड (केटीआईएल) गुजरात में 3,307 करोड़ रुपये के निवेश से वायर बॉन्ड इंटरकनेक्ट और सबस्ट्रेट आधारित पैकेज के लिए सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है.
  6. वामा सुंदरी इन्वेस्टमेंट्स (दिल्ली) प्राइवेट लिमिटेड (वीएसआईपीएल) उत्तर प्रदेश में 3,706 करोड़ रुपये के निवेश से एक सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है.
  7. 3डी ग्लास सॉल्यूशंस इंक. (3डीजीएस) ओडिशा में 1,943 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है.
  8. सिसेम प्राइवेट लिमिटेड ओडिशा में 2,066 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है.
  9. कॉन्टिनेंटल डिवाइस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (सीडीआईएल) पंजाब में अपने सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र का विस्तार कर रही है, जिसमें 117 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है.
  10. एडवांस्ड सिस्टम इन पैकेज टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (एएसआईपी) आंध्र प्रदेश में 480करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है.
Featured Video Of The Day
Israel Vs Iran War | Khamenei Death News: ईरान के नए सुप्रीम लीडर का ऐलान आज! | Breaking News