Affordable 7-seater Electric Cars: पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच ईवी के लिए ग्राहकों की लाइन लंबी होती जा रही है. जंग से पहले जहां कंपनियों की सेल में कुछ खास इजाफा नहीं हो रहा था, लेकिन बीते 2 महीने सेल्स के आंकड़े देखें तो ये चौंका देने वाले हैं. एक बात ये भी डिमांड अब केवल छोटी कारों के लिए नहीं बल्कि 7 सीटर वाली ईवी के लिए भी देखी जा रही है. ऐसे में अगर आप अपनी फैमिली के लिए ईवी पर शिफ्ट होने का प्लान कर रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है. मार्केट में इस समय कमाल की इलेक्ट्रिक गाड़िया हैं, ये ना केवल बजट फ्रेंडली हैं बल्कि फीचर्स के मामले में किसी से कम नहीं होंगी.
महिंद्रा XEV 9e
महिंद्रा इन दिनों अपने ईवी सेगमेंट पर जमकर काम कर रही हैं. इसी बीच भारतीय मार्केट में महिंद्रा XEV 9e धूम मचा रही है. इसे सिर्फ एक कार नहीं बल्कि चलता फिरता एक गैजेट माना जाता है.
- कार की खासियत के बारे में बात करें तो इसमें ट्रिपल स्क्रीन का धमाकेदार ऑप्शन आता है, जिससे इसका लुक एक परफेक्ट फ्यूचर जैसा नजर आता है. 7 सीटर के साथ इसे लाया गया है. इसमें 60 किलोवॉट और 80 किलोवॉट के दो बैटरी ऑप्शन मिलते हैं. फुल चार्ज होने पर 450 से 500 किलोमीटर की रेंज देती है. इसकी प्राइस रेंज की बात करें तो 19.95 लाख की शुरूआती कीमत पर इसे आप घर ला सकते हैं.
विनफास्ट, वियतनाम का भरोसा
देसी कारों के साथ विदेशी कंपनियां भी भारत के मार्केट में उतर रही हैं. वियतनाम की बड़ी कंपनी विनफास्ट ने देश में ग्राहकों की जरूरत को समझते हुए कंपनी 7 सीटर में इसे उतार दी है. गाड़ी का नाम विनफास्ट वीएफ एमपीवी 7 है. इसकी शुरुआती कीमत 24.49 लाख रुपये (एक्स शोरूम) है.
- खासियत की बात करें तो ये गाड़ी उन लोगों के शानदार साबित हो रही है, जो टोयोटा इनोवा के इलेक्ट्रिक वर्जन को चाहते हैं. वजह है कि इसका लुक इनोवा के जैसे है. फास्ट चार्जिंग की सुविधा इसमें ग्राहकों को मिल जाती है. यानी सिर्फ 30 मिनट में बैटरी 80 फीसदी तक चार्ज हो जाएगी. हालांकि एक बात तो साफ है कि विनफास्ट के मार्केट में आने से मारुति और हुंडई जैसी कंपनियों को कड़ी टक्कर मिल रही है.
किया भी तैयार
किया कैरेंस क्लैविस EV भारत की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक 7‑सीटर कार है. इसकी शुरुआती कीमत ₹17.99 लाख (एक्स‑शोरूम) है. किया कैरेंस क्लैविस EV दो बैटरी ऑप्शन में आती है. पहला 42 kWh और दूसरा 51.4 kWh. इसमें इलेक्ट्रिक मोटर दी है जो 99 kW और 126 kW की पावर देती है और 255 Nm टॉर्क पैदा करती है.
- अगर रेंज की बात करें तो 42 kWh बैटरी एक चार्ज में 404 किमी तक चल सकती है. 51.4 kWh बैटरी एक चार्ज में 490 किमी तक की रेंज देती है. ये कार उन लोगों के लिए अच्छी है जो एक किफायती, बड़ी और इलेक्ट्रिक फैमिली कार चाहते हैं.
BYD eMax 7
BYD eMax 7 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 26.90 लाख रुपये है. भारतीय बाजार में यह विनफास्ट VF MPV 7 की सीधी टक्कर की कार मानी जा रही है. BYD eMax 7 दो वेरिएंट में है, पहला प्रीमियम और सुपीरियर. प्रीमियम वेरिएंट में 55.4 kWh की बैटरी मिलती है, जो 161 hp की मोटर के साथ आती है. सुपीरियर वेरिएंट में बड़ी 71.8 kWh की बैटरी दी है, जिसमें 201 hp की मोटर मिलती है. दोनों वेरिएंट में टॉर्क एक जैसा है, जो 310 Nm है. कंपनी ने बताया है कि प्रीमियम वेरिएंट की रेंज 420 किलोमीटर है. वहीं, सुपीरियर वेरिएंट की रेंज 530 किलोमीटर है.
क्यों बढ़ रही 7 सीटर इलेक्ट्रिक कारों की डिमांड?
पेट्रोल-डीजल से तुलना करें तो इलेक्ट्रिक कार चलाने का खर्च 1 से 1.5 रुपये प्रति किलोमीटर आता है. दूसरा बड़ा फायदा है कि इलेक्ट्रिक कारों में मूविंग पार्ट्स कम होते हैं, जिससे सर्विसिंग का खर्च हाफ रह जाता है. इसके अलावा सरकार की FAME-II और अलग-अलग राज्यों की सरकारों की ईवी पॉलिसी में इन गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन और टैक्स में छूट मिलती है.














