पीएम मोदी ने विकसित भारत@2047 के विजन को साकार करने में सुदृढ़ डिजिटल गवर्नेंस को अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी बताया. उनके द्वारा दिए गए डिजिटल भारत के संकल्प को गुजरात के ग्रामीण सुदूरवर्ती स्थलों सहित राज्यव्यापी विस्तृत करने की दिशा में गुजरात सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. सीएम भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सोमवार को इस उद्देश्य से एलन मस्क की स्पेस एक्स की सब्सिडियरी स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ आपसी सहयोग के आशय पत्र (एलओआई) का विनिमय किया.
इस एलओआई के परिणामस्वरूप राज्य में डिजिटल कनेक्टिविटी मिशन तथा रणनीतिक पहलों से सुदूरवर्ती, दूरदराजी तथा कम टेलीकॉम सुविधा और नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों में हाईस्पीड सैटेलाइट आधारित इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी. इस एलओआई अंतर्गत पायलट प्रोजेक्ट में कॉमन सर्विस सेंटर्स (सीएससी), ई-गवर्नेंस सुविधाओं, सरकारी विद्यालयों, जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष, पोर्ट्स, वन्यजीव अभयारण्यों के क्षेत्रों को जोड़ने का आयोजन है.
यह एलओआई नर्मदा तथा दाहोद जैसे आकांक्षी जिलों सहित राज्य के आदिजाति जिलों में डिजिटल इन्क्लूजन (समावेशन) के लिए महत्वपूर्ण कदम बनेगा. इस एलओआई के क्रियान्वयन से इन जिलों में पुलिस आउटपोस्ट्स, आपदा प्रबंधन केन्द्रों, वन्यजीव मॉनिटरिंग तथा कृषि अनुसंधान केन्द्रों के लिए मजबूत कनेक्टिविटी द्वारा सिक्योरिटी तथा स्टेबिलिटी बढ़ने के साथ रिलायेबल डिजिटल सर्विस डिलीवरी भी सुनिश्चित होगी.
इस पहल अंतर्गत राज्य के स्कूलों में शिक्षा के लिए स्मार्ट कनेक्टिविटी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (पीएचसी) में स्वास्थ्य सुख-सुविधा की सेवाएँ और टेली-मेडिसीन सुविधाएँ आसानी से एवं तेजी से उपलब्ध होंगी. साथ ही साथ विभिन्न सरकारी एजेंसियों, विभागों, विद्यालयों और डिजास्टर रिस्पॉन्स टीम्स की कैपिसिटी बिल्डिंग के लिए भविष्य में संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.
राज्य में सीमलेस तथा ईजी कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं के संदर्भ में इस एलओआई के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार तथा स्टारलिंक के प्रतिनिधियों के संयुक्त कार्य समूह का गठन किया जाएगा.
सीएम भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की प्रेरक उपस्थिति में सोमवार को गांधीनगर में यह एलओआई विनिमय समारोह आयोजित किया गया. राज्य सरकार की ओर से उद्योग आयुक्त पी.स्वरूप तथा स्टारलिंक की ओर से स्टारलिंक इंडिया के हेड प्रभाकर जयकुमार ने इस एलओआई का परस्पर आदान-प्रदान किया.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस संयुक्त प्रोजेक्ट का क्रियान्वयन आगामी भविष्य में राज्य की डिजिटल सेवाओं को अधिक व्यापक बनाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा और ई-गवर्नेंस की प्रगति को अधिक गति देगा. इस एलओआई में राज्य के जीआईडीसी के इंडस्ट्रियल पार्क्स, हाईवे सेफ्टी सिस्टम्स, मैरीटाइम पोर्ट कनेक्टिविटी तथा कोस्टल पुलिस ऑपरेशन में भी कनेक्टिविटी अधिक मजबूत बनाने के विषयों को शामिल किया गया है.














