Gold Silver Prices 21 April: सोने-चांदी के दाम में पिछले कुछ दिनों से उतार-चढ़ाव दिख रहा है. अक्षय तृतीया के बाद सोमवार को घरेलू कमोडिटी मार्केट में सोने-चांदी की कीमतें कम हुई थीं, जबकि बुलियन मार्केट में कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई. आज मंगलवार, 21 अप्रैल को अलग-अलग शहरों की बात करें तो दिल्ली की अपेक्षा, मुंबई में सोना थोड़ा सस्ता है. MCX की बात करें तो यहां सोने-चांदी के दाम में गिरावट का सिलसिला आज भी जारी है. आज दोपहर करीब 12 बजे तक जून डिलीवरी वाला सोना 0.30% या 464 रुपये की गिरावट के साथ 1,53,479 रुपये/10 ग्राम के भाव पर ट्रेड करता दिखा. वहीं मई डिलीवरी वाली चांदी 0.64% या 1,627 रुपये की गिरावट के साथ 2,50,918 रुपये/किलो के भाव पर ट्रेड करता दिखा.
देश के अलग-अलग शहरों में क्या है भाव?
देश के प्रमुख शहरों में 10 ग्राम सोने की कीमतों में मामूली फर्क दिख रहा है, लेकिन कुछ जगहों पर हल्का प्रीमियम दिखता है. चेन्नई में 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के 1 ग्राम सोने के तीन अलग‑अलग रेट क्रमशः ₹15,600, ₹14,300 और ₹11,855 हैं, जिन्हें 10 ग्राम के हिसाब से देखें तो करीब ₹1,56,000, ₹1,43,000 और ₹1,18,550 बैठते हैं, यानी चेन्नई अभी भी महंगे गोल्ड मार्केट में गिना जा सकता है.
वहीं, दिल्ली में आज 24 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने का रेट 1,55,430 रुपये पर आ गया है, जबकि 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम का दाम दिल्ली में 1,42,490 रुपये पर चल रहा है. मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल और पुणे जैसे शहरों में 10 ग्राम सोने का रेट ₹1,55,290 और 22 कैरेट सोने का रेट ₹1,42,350 के बराबर आता है, जबकि तीसरी कैटेगरी में इन शहरों में 10 ग्राम का भाव करीब ₹1,16,470 बैठता है.
वडोदरा और अहमदाबाद में 24 कैरेट सोने का रेट ₹1,55,340 रुपये/10 ग्राम और 22 कैरेट सोने का रेट ₹1,42,400/10 ग्राम है, वहीं 18 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत लगभग ₹1,16,520 है. जयपुर और लखनऊ में 24 कैरेट सोने का रेट 1,55,440 और 22 कैरेट सोने का रेट ₹1,42,500 चल रहा है, वहीं 18 कैरेट सोने का रेट करीब ₹1,16,620 निकलता है.
चेन्नई में तीनों ग्रेड में सोने के दाम सबसे ऊंचे हैं, जबकि बाकी मेट्रो और बड़े शहरों में 10 ग्राम सोने की कीमतें बहुत सीमित अंतर के साथ लगभग एक ही रेंज में घूम रही हैं, जो टैक्स, मेकिंग चार्ज और स्थानीय मांग‑आपूर्ति जैसे फैक्टर से प्रभावित होती हैं. दिल्ली में चांदी ₹100 सस्ती होकर ₹2,74,900 प्रति किलो पर बिक रही है. मुंबई और कोलकाता में भी लगभग यही भाव चल रहा है. वहीं चेन्नई में सोने की तरह चांदी भी सबसे महंगी है, जहां इसकी कीमत 2,79,900 रुपये/किलो है.
सोने-चांदी की चाल पर क्या है एक्सपर्ट्स की राय?
HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने बताया कि सप्ताहांत में भू-राजनीतिक और व्यापक आर्थिक स्थितियों में आए बदलाव के कारण सोने की शुरुआत कमजोर रही. उनके मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के आसपास स्थिति तेजी से बिगड़ी है. ईरान ने इसे खोलने के 24 घंटे के भीतर ही फिर से सख्त नियंत्रण लागू कर दिया है. वहीं, अमेरिका ने एक ईरानी मालवाहक जहाज को जब्त कर लिया है. इन घटनाक्रमों ने युद्धविराम की स्थिरता पर चिंता बढ़ा दी है. तनाव बढ़ने से ऊर्जा की कीमतें और महंगाई बढ़ने का डर पैदा हुआ है, जिससे डॉलर मजबूत हुआ और कीमती धातुओं (सोने-चांदी) पर दबाव बढ़ गया है.
कोटक सिक्योरिटीज की कायनात चैनवाला के अनुसार, इस सप्ताह निवेशक अमेरिकी खुदरा बिक्री, घर की बिक्री के आंकड़ों, साप्ताहिक बेरोजगारी दावों और उपभोक्ता भावनाओं जैसे ग्लोबल डेटा पर ध्यान देंगे. साथ ही, फेडरल रिजर्व के आने वाले चेयरमैन केविन वार्श की मंगलवार को होने वाली गवाही (Testimony) पर भी बाजार की नजर रहेगी, जिससे भविष्य की मौद्रिक नीति और महंगाई के प्रति उनके रुख का संकेत मिल सके. चैनवाला ने यह भी कहा कि फिलहाल सबसे बड़ा फैक्टर अमेरिका-ईरान तनाव ही बना रहेगा. यदि स्थिति और बिगड़ती है, तो सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव और बढ़ सकता है.
ये भी पढ़ें: नोएडा @50: दादरी, जेवर, खुर्जा, बुलंदशहर... अब किधर और कितना बढ़ेगा सपनों का नगर?













