FD Rates 2026: शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच अगर आप अपने पैसे को सुरक्षित रखकर फिक्स्ड रिटर्न पाना चाहते हैं, तो एफडी (Fixed Deposit)आपके लिए सबसे बेहतर ऑप्शन है. इन दिनों शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के कारण निवेशक अब सुरक्षित निवेश यानी फिक्स्ड डिपॉजिट की ओर लौट रहे हैं. सेविंग अकाउंट के मुकाबले FD में तय समय के लिए पैसा लॉक होता है और ब्याज भी ज्यादा मिलता है.राहत की बात यह है कि देश के बड़े सरकारी और प्राइवेट बैंक अब एफडी पर शानदार ब्याज दे रहे हैं.अभी कुछ बैंक FD पर करीब 7.75% तक ब्याज दे रहे हैं.
अगर आप भी अपनी मेहनत की कमाई को सही जगह निवेश करना चाहते हैं, तो SBI से लेकर HDFC Bank तक इन 5 दिग्गज बैंकों के ताजा रेट्स पर एक नजर जरूर डालें...
HDFC Bank: 18 महीने से 3 साल में बेहतर रिटर्न
दिग्गज एचडीएफसी बैंक में 18 महीने से 3 साल की एफडी पर बेहतर रिटर्न मिल रहा है. यहां सीनियर सिटीजन्स को 6.95% और आम जनता को 6.45% ब्याज मिल रहा है. अगर आप 3 साल से ज्यादा और करीब साढ़े 4 साल तक के लिए पैसा जमा करते हैं, तो आम ग्राहकों को 6.5% और बुजुर्गों को 7% तक ब्याज दिया जा रहा है. छोटी अवधि जैसे 7 दिन से 6 महीने के लिए दरें 2.75% से 4.75% के बीच बनी हुई हैं.HDFC Bank में बहुत कम अवधि यानी 7 से 29 दिन की FD पर ब्याज करीब 2.75% (सीनियर सिटीजन 3.25%) से शुरू होता है.जैसे-जैसे अवधि बढ़ती है, ब्याज भी बढ़ता है.
SBI: 2 से 3 साल की FD पर सबसे बेहतर रेट
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (State Bank of India) में फिलहाल 2 से 3 साल की एफडी पर सबसे अच्छा ब्याज मिल रहा है. इस अवधि में आम ग्राहकों को करीब 6.45% है, जबकि सीनियर सिटीजन्स को 6.95% तक ब्याज मिल रहा है. वहीं अगर आप 5 से 10 साल जैसी लंबी अवधि के लिए निवेश करते हैं, तो सीनियर सिटीजन्स को 7.05% का बेहतरीन रिटर्न मिल सकता है, जबकि आम निवेशकों के लिए यह 6.05% है. बता दें कि छोटे समय की FD पर ब्याज कम रहता है और धीरे-धीरे अवधि बढ़ने के साथ रेट बढ़ते हैं.
ICICI Bank: 3 से 5 साल की FD सबसे फायदेमंद
आईसीआईसीआई बैंक में 3 से 5 साल की एफडी पर सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है. इसमें आम निवेशकों को 6.5% और सीनियर सिटीजन्स को 7.1% तक ब्याज मिल रहा है. यही रेट बैंक की 5 साल की टैक्स-सेवर FD पर भी लागू है.कम अवधि की बात करें तो 6 महीने से 1 साल के लिए दरें 5.5% से 6% के बीच हैं. वहीं 1 से 2 साल की अवधि के लिए बैंक 6.3% से 6.8% तक ब्याज ऑफर कर रहा है.2 से 3 साल की अवधि में आम ग्राहकों को करीब 6.45% और वरिष्ठ नागरिकों को 6.95% तक रिटर्न मिल रहा है. ICICI Bank में 7 से 45 दिन की FD पर ब्याज करीब 2.75% से शुरू होता है.
Kotak Mahindra Bank: 1 से 3 साल की FD में मजबूत रिटर्न
कोटक महिंद्रा बैंक में 1 से 3 साल की एफडी पर सबसे अच्छे रेट्स मिल रहे हैं, जहां आम ग्राहकों को 6.7% और सीनियर सिटीजन्स को 7.2% तक ब्याज दिया जा रहा है. 6 से 9 महीने की छोटी अवधि के लिए भी बैंक 5.5% से 6% तक रिटर्न ऑफर कर रहा है. हालांकि, हालांकि 3 से 5 साल और उससे ज्यादा अवधि की FD में ब्याज थोड़ा कम होकर करीब 6.4% से 6.75% के बीच रह जाता है.
Yes Bank: ब्याज देने के मामले में सबसे आगे
यस बैंक इस समय बड़े बैंकों की तुलना में सबसे सही रेट्स दे रहा है. 3 से 5 साल की एफडी पर सीनियर सिटीजन्स को 7.75% का बंपर ब्याज मिल रहा है, जबकि आम ग्राहकों को 7% दिया जा रहा है. 1 से 2 साल की अवधि के लिए भी दरें काफी अच्छी हैं, वरिष्ठ नागरिकों को 7.5% और आम निवेशकों को 7% तक रिटर्न मिल रहा है. शॉर्ट टेन्योर यानी 6 महीने से 1 साल के बीच भी यहां 6% से 7% तक रिटर्न मिल रहा है.
FD में निवेश से पहले सिर्फ ब्याज नहीं इन बातों का रखें ध्यान
अभी ज्यादातर बैंकों में FD के ब्याज लगभग एक जैसी रेंज में हैं लेकिन ये तो साफ है कि प्राइवेट बैंक सरकारी बैंकों के मुकाबले थोड़ा ज्यादा रिटर्न दे रहे हैं. सीनियर सिटीजन्स के लिए हर बैंक में आधा परसेंट तक का अतिरिक्त फायदा मिल रहा है. हालांकि, FD में निवेश करते समय सिर्फ सबसे ज्यादा ब्याज देखना ही जरूरी नहीं है. ब्याज के पीछे भागने के बजाय आपको अपनी जरूरत के हिसाब से सही समय (Tenure) चुनना भी उतना ही जरूरी है.ताकि आप अपनी बचत पर अधिकतम मुनाफा कमा सकें.
ये भी पढ़ें- Old vs New Tax Regime: ओल्ड चुनें या न्यू? सिर्फ टैक्स बचाना काफी नहीं, जानें आपके लिए कौन सा सिस्टम होगा 'पैसा वसूल'














