भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार,5 मार्च को डिफेंस स्टॉक्स में मजबूती देखी जा रही है और दोपहर के कारोबार तक यह 8.5% तक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे.डिफेंस शेयरों की तेजी को लीड करने का काम सरकारी शिपब्लिडिंग कंपनी मझगांव डॉक कर रही थी. दोपहर 2 बजे शेयर 8.43% की तेजी के साथ 2,348 पर था.
इन शेयरों में भी दिखी जबरदस्त चमक
इसके बाद डेटा पैटर्न का शेयर 6.29%, गार्डन रीच शिपबिल्डर्स का शेयर 5.54 %, डीसीएक्स सिस्टम्स 4.34%, कोचिन शिपयार्ड 4.31%, बीईएल 4.25%, एस्ट्रा माइक्रोवेव 3.51%, भारत डायनेमिक्स का शेयर 1.75% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था.
यूनिमेक एयरोस्पेस, मिश्रधातु, एमटीएआर टेक, पारस डिफेंस, बीईएमएल, सोलार इंडस्ट्रीज, जेन टेक और एचएएल का शेयर भी हरे निशान में था.
वहीं, साइएंट डीएलएम में 1.32% और डायनामेटिक टेक के शेयर में 1.69% की गिरावट थी.
निफ्टी इंडिया डिफेंस बना टॉप गेनर इंडेक्स
डिफेंस शेयरों में तेजी के कारण सभी इंडेक्स में निफ्टी इंडिया डिफेंस 2.50 % की तेजी के साथ टॉप गेनर था.
क्यों रॉकेट की रफ्तार भाग रहे डिफेंस स्टॉक्स?
डिफेंस शेयरों में तेजी की वजह अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ना है. इसके कारण माना जा रहा है कि डिफेंस से जुड़े उपकरणों की मांग बढ़ सकती है और इसका फायदा भारतीय डिफेंस कंपनियों को मिल सकता है.














