DA Hike Delay: देश के लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के सब्र का बांध अब टूटता नजर आ रहा है. केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को जनवरी 2026 से मिलने वाले महंगाई भत्ते (DA) का अभी तक इंतजार है. आम तौर पर सरकार हर साल जनवरी वाला DA समय पर घोषित कर देती है, लेकिन इस बार एक दशक से ज्यादा समय में पहली बार इतनी देरी हुई है. इसी वजह से कर्मचारी संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है और आज 16 अप्रैल 2026 को प्रदर्शन करने जा रहे हैं. कर्मचारी जल्द से जल्द DA बढ़ोतरी और एरियर जारी करने की मांग कर रहे हैं.अगर आप भी केंद्रीय कर्मचारी हैं या पेंशनभोगी हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है .
आज देशभर में केंद्रीय कर्मचारियों का लंच ऑवर प्रदर्शन
केंद्रीय कर्मचारियों के बड़े संगठन कन्फेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लॉइज एंड वर्कर्स (CCGEW)के आह्वान पर 16 अप्रैल 2026 को देशभर के सरकारी दफ्तरों में लंच ऑवर के दौरान प्रदर्शन किया जाएगा.कर्मचारी जनवरी 2026 से अटके DA बढ़ोतरी की घोषणा नहीं होने से नाराज हैं और सरकार से तुरंत फैसला लेने की मांग कर रहे हैं.
किन-किन विभागों के कर्मचारी आज प्रदर्शन में होंगे शामिल?
कन्फेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लॉइज एंड वर्कर्स (CCGEW) ने सरकार को कड़ा नोटिस देते हुए आज 'लंच ऑवर' के दौरान विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है. कर्मचारीसंगठन के अध्यक्ष एस.बी. यादव के मुताबिक, आज आयकर विभाग (Income Tax), डाक विभाग (Postal), कृषि विभाग (Agriculture) के अलावा बॉटनिकल सर्वे ऑफ इंडिया, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया और सर्वे ऑफ इंडिया जैसे बड़े विभागों के कर्मचारी इस विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनेंगे. कर्मचारियों की एक ही मांग है 1 जनवरी 2026 से लंबित DA/DR का तुरंत ऐलान किया जाए.
आखिरी बार कब बढ़ा था DA और अब क्यों है देरी?
केंद्र सरकार ने आखिरी बार अक्टूबर 2025 में महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की थी, जो जुलाई 2025 से लागू हुई थी. उस बढ़ोतरी का एरियर कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिल चुका है, लेकिन जनवरी 2026 वाली बढ़ोतरी अभी भी लंबित है.जब से 7वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2016 से लागू हुआ है, तब से अब तक DA बढ़ोतरी की घोषणा में इतनी लंबी देरी नहीं हुई थी.कई कर्मचारियों को उम्मीद थी कि सरकार 4 मार्च 2026 को होली के होली के आसपास DA बढ़ोतरी का ऐलान कर देगी, लेकिन अभी तक कोई घोषणा नहीं हुई है.लेकिन अप्रैल आधा बीत जाने के बाद भी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है. इसकी वजह से पेंशनभोगियों की महंगाई राहत (DR) भी अटकी हुई है.
जनवरी 2026 में कितना बढ़ सकता है DA?
महंगाई भत्ता ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स AICPI-IW) के 12 महीने के औसत आंकड़ों के आधार पर तय होता है.जनवरी से दिसंबर 2025 के औसत आंकड़ों के अनुसार DA में करीब 2% बढ़ोतरी की पूरी संभावना है. हालांकि अंतिम फैसला सरकार की घोषणा के बाद ही साफ होगा.फिलहाल DA 58% है. अगर 2% बढ़ता है तो 60% हो जाएगा और अगर 3% बढ़ता है तो यह 61% पर पहुंच जाएगा.
2% DA बढ़ने पर कर्मचारियों की सैलरी कितनी बढ़ेगी?
अगर DA में 2% की बढ़ोतरी होती है, तो बेसिक सैलरी ₹25,000 वाले कर्मचारी की मासिक सैलरी करीब ₹500 बढ़ सकती है और कुल सैलरी लगभग ₹40,000 हो जाएगी.
इसी तरह ₹50,000 बेसिक सैलरी वालों की सैलरी करीब ₹1,000, ₹75,000 वालों की ₹1,500, ₹1,00,000 वालों की ₹2,000, ₹1,25,000 वालों की ₹2,500 और ₹1,50,000 बेसिक सैलरी वालों की करीब ₹3,000 तक बढ़ सकती है.
3% DA बढ़ने पर सैलरी में कितना फायदा होगा?
अगर DA में 3% की बढ़ोतरी होती है, तो ₹25,000 बेसिक सैलरी वालों की सैलरी करीब ₹750 बढ़ सकती है और कुल वेतन लगभग ₹40,250 तक पहुंच सकता है.
वहीं ₹50,000 बेसिक वालों को करीब ₹1,500, ₹75,000 वालों को ₹2,250, ₹1,00,000 वालों को ₹3,000, ₹1,25,000 वालों को ₹3,750 और ₹1,50,000 बेसिक सैलरी वालों को करीब ₹4,500 तक मासिक फायदा हो सकता है.
DA के ऐलान होते ही मिलेगा एरियर
जैसे ही सरकार जनवरी 2026 का DA घोषित करेगी, कर्मचारियों और पेंशनर्स को उसी तारीख से लागू बढ़ोतरी का एरियर भी मिलेगा.इसलिए कर्मचारियों की नजर अब सरकार की अगली घोषणा पर टिकी हुई है, क्योंकि DA बढ़ोतरी से सीधे उनकी मंथली सैलरी और पेंशन दोनों में बढ़ोतरी होगी.














