अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल तक पहुंची CBI जांच की आंच, 228 करोड़ के फ्रॉड मामले में सुबह से शाम तक हुई पूछताछ

CBI ने इससे पहले शुक्रवार को भी जय अनमोल से पूछताछ की थी, जबकि 9 दिसंबर 2025 को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मुंबई में जय अनमोल अंबानी के आवास पर तलाशी अभियान भी चलाया था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Anil Ambani Bankruptcy Case: अनिल अंबानी के बेटे से भी हुई पूछताछ (File Photo)

देश की प्रमुख जांच एजेंसी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 228 करोड़ रुपए के बैंक धोखाधड़ी मामले में उद्योगपति अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी से शनिवार को दूसरे दिन फिर से पूछताछ की.  सूत्रों के अनुसार, इस मामले में उनसे सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक, यानी करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई. सीबीआई ने शुक्रवार को भी अनिल अंबानी के बेटे से पूछताछ की थी.

जांच एजेंसी के अनुसार, जय अनमोल अंबानी से दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में पूछताछ की गई. अधिकारियों ने बताया कि उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से सवाल-जवाब किए गए और आगे की जांच के लिए उन्हें शनिवार को भी उपस्थित रहने को कहा गया था.

RHFL से जुड़े बैंक फ्रॉड का मामला 

यह पूछताछ रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) से जुड़े 228 करोड़ रुपए के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में की गई है. इस मामले में कंपनी के पूर्व सीईओ और पूर्व पूर्णकालिक निदेशक रवींद्र सुधालकर सहित कई अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं. मामले में जय अनमोल अंबानी भी आरोपियों में शामिल हैं. हालांकि इस संबंध में कंपनी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

जय अनमोल के घर पर भी चला था सर्च 

सीबीआई ने इससे पहले 9 दिसंबर 2025 को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मुंबई में जय अनमोल अंबानी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया था. यह कार्रवाई यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (पूर्व में आंध्रा बैंक) की शिकायत के आधार पर की गई थी. बैंक ने आरोप लगाया था कि कंपनी ने बैंक से लिया गया कर्ज वापस नहीं चुकाया, जिसके कारण वर्ष 2019 में यह खाता गैर-निष्पादित संपत्ति (एनपीए) में बदल गया.

Advertisement

UBI को पहुंचाया 228 करोड़ का नुकसान 

वहीं, 6 दिसंबर 2025 को सीबीआई ने इस बैंक धोखाधड़ी मामले में केस दर्ज किया. इस मामले में रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड, जय अनमोल अंबानी, रविंद्र सुधालकर सहित कुछ अज्ञात व्यक्तियों और अज्ञात सरकारी अधिकारियों को भी आरोपी बनाया गया है. जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक कदाचार के जरिए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को करीब 228.06 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया गया.

लिया था 5,572 करोड़ रुपये का लोन

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड ने कुल मिलाकर 18 बैंकों, वित्तीय संस्थानों, एनबीएफसी और कॉर्पोरेट संस्थाओं से करीब 5,572.35 करोड़ रुपए का लोन लिया था, जिसमें यूनियन बैंक ऑफ इंडिया भी शामिल है. आरोप है कि कंपनी ने इन संस्थानों को गुमराह कर लोन लिया और बाद में भुगतान नहीं किया. इस पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है.

Advertisement

सीबीआई ने इस मामले में मुंबई स्थित विशेष सीबीआई अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद 9 दिसंबर 2025 को मुंबई में रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड के दो आधिकारिक परिसरों, जय अनमोल अंबानी के आवास और कंपनी के तत्कालीन निदेशक रविंद्र सुधालकर के आवास पर छापेमारी की थी. इस दौरान जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले थे, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है.
 

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: महायुद्ध में अब तक ईरान ने UAE पर कहां-कहां हमला किए? | Iran War News