सरकारी तेल कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने आंध्र प्रदेश में 1.27 लाख करोड़ रुपये के मेगा रिफाइनरी-पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है. रामायापट्टनम में बनने वाला यह कॉम्प्लेक्स पेट्रोल-डीजल की बढ़ती मांग को पूरा करने के साथ देश में पेट्रोकेमिकल उत्पादों की कमी दूर करने में भी मदद करेगा. कंपनी इस प्रोजेक्ट के जरिए रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल कारोबार को और मजबूत करने की तैयारी में है.
1.26 लाख करोड़ रुपये से बनेगा मेगा कॉम्प्लेक्स
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि BPCL के बोर्ड ने आंध्र प्रदेश के रामायापट्टनम में एक इंटीग्रेटेड रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स बनाने को मंजूरी दी है. कंपनी इस प्रोजेक्ट को अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी के जरिए विकसित करेगी. इसके लिए सरकार और दूसरी जरूरी नियामकीय मंजूरियां लेनी होंगी. इस प्रोजेक्ट पर अनुमानित 1,26,656 करोड़ रुपये खर्च होंगे. लागत में 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी या कमी की गुंजाइश रखी गई है. कंपनी के बोर्ड ने शनिवार को इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है.
9 MMTPA की रिफाइनरी और एथिलीन क्रैकर
इस मेगा कॉम्प्लेक्स में 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (MMTPA) क्षमता की रिफाइनरी बनाई जाएगी. इसके अलावा 1.5 MMTPA क्षमता का मिक्स्ड-फीड एथिलीन क्रैकर और कई डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल यूनिट्स भी स्थापित होंगी. पूरे प्रोजेक्ट की कुल प्रोसेसिंग क्षमता 10.5 MMTPA होगी.
इस कॉम्प्लेक्स में पेट्रोकेमिकल उत्पादन की हिस्सेदारी करीब 34 फीसदी होगी. इससे रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल कारोबार को एक साथ जोड़कर कंपनी को बेहतर कमाई करने में मदद मिल सकती है.
जुलाई 2032 तक शुरू हो सकता है उत्पादन
BPCL के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट से जुलाई 2032 तक कमर्शियल उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है. कंपनी इसमें 44,330 करोड़ रुपये तक की इक्विटी लगा सकती है, जिसमें पहले मंजूर 4,900 करोड़ रुपये का निवेश भी शामिल है. इस इक्विटी निवेश के लिए कैबिनेट कमेटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स (CCEA) और अन्य जरूरी मंजूरियां ली जाएंगी. प्रोजेक्ट के लिए इक्विटी और कर्ज दोनों के जरिए फंड जुटाया जाएगा, जबकि लेंडर्स के साथ फाइनेंसिंग की व्यवस्था अभी अंतिम रूप दी जा रही है.
पेट्रोल-डीजल और पेट्रोकेमिकल की कमी होगी दूर
BPCL के पास फिलहाल अलग-अलग रिफाइनरी में कुल 35.3 MMTPA की रिफाइनिंग क्षमता है. वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने 116.6 फीसदी क्षमता उपयोग दर्ज किया था. कंपनी का कहना है कि नए प्रोजेक्ट से ट्रांसपोर्ट फ्यूल की बढ़ती मांग और देश में पेट्रोकेमिकल सप्लाई की कमी को पूरा करने में मदद मिलेगी.इससे घरेलू बाजार में पेट्रोकेमिकल उत्पादों की उपलब्धता बढ़ सकती है, प्रमुख पॉलिमर के आयात पर निर्भरता कम होगी और कंपनी की कमाई के स्रोत भी बढ़ेंगे. साथ ही देश के केमिकल और पॉलिमर उद्योग को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
20% भागा BPCL का शेयर,निवेशकों की भी होगी चांदी?
आंध्र प्रदेश के रामायापट्टनम में ₹1.27 लाख करोड़ के मेगा रिफाइनरी-पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने से पहले ही बीपीसीएल (BPCL) के शेयरों में जबरदस्त हलचल दिखी .शुक्रवार को बीएसई पर BPCL का शेयर करीब 20% उछलकर ₹308.25 पर बंद हुआ. इस बड़े विस्तार से जहां देश में पेट्रोल-डीजल और पेट्रोकेमिकल की बढ़ती मांग पूरी होगी, वहीं आयात पर निर्भरता घटने और कमाई के नए रास्ते खुलने से कंपनी के मुनाफे को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है. चूंकि इस प्रोजेक्ट से व्यावसायिक उत्पादन जुलाई 2032 तक शुरू होगा, इसलिए यह दांव शॉर्ट-टर्म के बजाय लंबी अवधि के निवेशकों के लिए बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें | ₹22,000 करोड़ के भारी नुकसान के बाद वापसी की तैयारी में एयर इंडिया, 600 विमानों और नए CEO के दम पर भरेगी उड़ान
यह भी पढ़ें | Gold Price: 30% टूटने के बाद भी सोने ने निवेशकों को कर दिया मालामाल, 5 साल में ₹1 लाख के बना दिए ₹2.90 लाख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं