Adani Group AI investment: भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का ग्लोबल हब बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया. अदाणी ग्रुप ने भारत में बड़े पैमाने पर AI इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म तैयार करने के लिए 100 बिलियन डॉलर करीब 8.4 लाख करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया है. आने वाले समय में भारत की AI क्रांति का मुख्य केंद्र विशाखापत्तनम बनने जा रहा है.
अदाणी ग्रुप और गूगल की पार्टनरशिप
इस बड़े प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि इसमें अदाणी ग्रुप और टेक कंपनी गूगल साथ मिलकर काम कर रहे हैं. गूगल इस प्रोजेक्ट में 15 अरब डॉलर का निवेश करेगा, जो भारत में अब तक के सबसे बड़े विदेशी निवेशों में से एक है. साथ ही विशाखापत्तनम में बनने वाला ये AI डेटा सेंटर अमेरिका के बाहर गूगल का सबसे बड़ा डेटा सेंटर होगा.
जीत अदाणी ने बताया विजन
गूगल AI डेटा सेंटर के शिलान्यास के दौरान अदाणी ग्रुप के डायरेक्टर जीत अदाणी ने कहा कि AI आगे तभी बढ़ेगा, जब हमारे पास अच्छी सुविधाएं और सस्ती बिजली होगी. अगर AI से समाज और देश को बड़ा फायदा पहुंचाना है, तो इसे आम लोगों तक पहुंचाना जरूरी है. इसके लिए सबसे पहले ऊर्जा को सस्ता और भरोसेमंद बनाना होगा. उन्होंने ये भी बताया कि अदाणी ग्रुप एक ऐसा सिस्टम बना रहा है, जहां बिजली पैदा करना, बिजली पहुंचाना, इंटरनेट नेटवर्क और डेटा सेंटर सभी आपस में जुड़े होंगे. ये पूरा सिस्टम साफ और टिकाऊ ऊर्जा से चलेगा. जब कंप्यूटर चलाने की लागत कम होगी, तो AI भी सस्ता होगा. इससे नए सोच और विचार तेजी से आगे आएंगे और विकास का फायदा ज्यादा लोगों को मिलेगा.
विशाखापत्तनम बनेगा भारत का AI हब
जीत अदाणी ने आगे कहा कि जैसे बेंगलुरु ने भारत में टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री को आगे बढ़ाया, वैसे ही विशाखापत्तनम भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बड़ा हब बनेगा. अभी पूरे भारत में डेटा सेंटर की कुल क्षमता करीब 1.3 गीगावाट है. जबकि अदाणी ग्रुप विशाखापत्तनम में ही 1 गीगावाट का डेटा सेंटर बनाने की योजना चला रहा है.
क्यों खास है ये प्रोजेक्ट?
इस प्रोजेक्ट में डेटा सेंटर को चलाने के लिए रिन्यूएबल एनर्जी का इस्तेमाल होगा. इसके अलावा यहां वही इंफ्रास्ट्रक्चर इस्तेमाल होगा जो गूगल सर्च, यूट्यूब और वर्कस्पेस जैसे प्रोडक्ट्स को पावर देता है. इस बड़े निवेश से डिजिटल और टेक सेक्टर में हजारों नए रोजगार पैदा होंगे. आखिर में सेफ्टी को लेकर भारत का डेटा भारत में ही रहेगा और यहीं प्रोसेस होगा, जिससे सेफ्टी और स्पीड दोनों बढ़ेंगी.
भारत अब ऐसी स्थिति में है जहां वो डिजिटल तकनीक और AI के सेक्टर में दुनिया को रास्ता दिखा सकता है. अदाणी ग्रुप का 100 बिलियन डॉलर का निवेश भारत को अपनी डिजिटल जरूरतें खुद पूरी करने में मदद करेगा और देश को AI के मामले में दुनिया के मजबूत देशों में शामिल करेगा.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)














