अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) को महाराष्ट्र में 4,500 मेगावाट रिन्यूएबल और स्टोरेज पावर के इवैक्युएशन (evacuation) के लिए करीब 4,700 करोड़ रुपये का एक महत्वपूर्ण ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट मिला है. ये प्रोजेक्ट महाराष्ट्र में 4.5 गीगावाट (GW) तक की पंप स्टोरेज क्षमता के इवैक्युएशन को सुगम बनाएगा. साथ ही पश्चिमी और दक्षिणी ग्रिडों के बीच इंटर-रीजन ट्रांसमिशन कॉरिडोर को मजबूत करेगा.
इस प्रोजेक्ट से देश की सबसे बड़ी प्राइवेट ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी AESL के ट्रांसमिशन पोर्टफोलियो में 562 सर्किट किलोमीटर (ckm) ट्रांसमिशन लाइनें और 9,000 MVA ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता जुड़ेगी. इस प्रोजेक्ट के अवार्ड होने के साथ ही AESL का कुल ट्रांसमिशन ऑर्डरबुक अब लगभग 85,000 करोड़ रुपये हो गया है.
कर्नाटक में बनेगी बिजली, महाराष्ट्र तक पहुंचाई जाएगी
कर्नाटक में तैयार होने वाली रिन्यूएबल एनर्जी को महाराष्ट्र के प्रमुख लोड सेंटर्स तक पहुंचाने के लिए इस प्रोजेक्ट को टैरिफ बेस्ड कॉम्पिटिटिव बिडिंग (TBCB) प्रक्रिया के माध्यम से जीता गया है, जिसमें AESL सबसे कम दरों पर बोली लगाने वाली कंपनी के रूप में उभरी.
'सताड़ा पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड' नामक स्पेशल पर्पस व्हीकल (SPV) के तहत आने वाले इस प्रोजेक्ट को 36 महीनों के भीतर पूरा किया जाएगा. इस परियोजना के जुड़ने से AESL का टोटल ट्रांसमिशन नेटवर्क बढ़कर 29,739 सर्किट किलोमीटर और 1,43,425 MVA ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता पर पहुंच जाएगा. ये प्रोजेक्ट सतारा, पुणे और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में बढ़ते पंप स्टोरेज इकोसिस्टम का भी समर्थन करेगा.
इस प्रोजेक्ट के तहत कई इंफ्रा निर्माण
- सतारा में 765/400 केवी सबस्टेशन की स्थापना
- कोल्हापुर-सतारा 765 केवी डबल-सर्किट ट्रांसमिशन लाइन
- संबंधित ट्रांसमिशन इंफ्रा के साथ कोल्हापुर पूलिंग स्टेशन का विस्तार
भारत जैसे-जैसे 2030 तक 50,000 गीगावाट (500 GW) गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता स्थापित करने के अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, ट्रांसमिशन इंफ्रा इसके लिए एक अनिवार्य बैकबोन यानी रीढ़ के रूप में काम कर रहा है.
पावर ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन, स्मार्ट मीटरिंग की माहिर खिलाड़ी है AESL
बता दें कि अदाणी पोर्टफोलियो का हिस्सा, AESL एनर्जी सेक्टर में पावर ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन, स्मार्ट मीटरिंग और कूलिंग सॉल्यूशंस में दमदार मौजूदगी रखता है. कंपनी वर्तमान में मुंबई महानगर और मुंद्रा स्पेशल इकोनॉमिक जोन के औद्योगिक केंद्र में लगभग 1.30 करोड़ उपभोक्ताओं को खुदरा बिजली वितरण सेवा प्रदान करती है.
AESL अपने स्मार्ट मीटरिंग व्यवसाय को तेजी से आगे बढ़ा रहा है और देश के अग्रणी स्मार्ट मीटरिंग इंटीग्रेटर बनने की राह पर है. यह विश्वसनीय, किफायती और टिकाऊ तरीके से ऊर्जा परिदृश्य को बदलने के लिए लगातार कार्य कर रहा है.
यह भी पढ़ें: अदाणी एनर्जी को आंध्र प्रदेश में मिला 8,500 करोड़ का ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट, ग्रीन हाइड्रोजन और डेटा सेंटर को मिलेगी बिजली
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)