- अदाणी एनर्जी का वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में नेट प्रॉफिट 32 प्रतिशत बढ़कर 2,393 करोड़ हो गया
- कंपनी का EBITDA 12.7% बढ़कर 8,726 करोड़ हो गया, जिसमें मजबूत ग्रोथ का अहम योगदान रहा.
- पिछले वित्त वर्ष में कंपनी की कुल आय 15.9% बढ़कर 28,325 करोड़ के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंची थी
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही (Q4) के नतीजे जारी किए. अदाणी ग्रुप की कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही यानी जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 32 फीसदी बढ़कर 2,393 करोड़ रुपए हो गया. यह बढ़त EBITDA में दो अंकों की वृद्धि और साल भर में स्थिर डिप्रिसिएशन के कारण हुई है.
कंपनी का EBITDA 12.7 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 8,726 करोड़ रुपए हो गया. इसमें ट्रांसमिशन और स्मार्ट मीटरिंग सेगमेंट की मजबूत ग्रोथ और डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस के स्थिर प्रदर्शन का योगदान रहा.
पिछले वित्त वर्ष में कंपनी की कुल आय 15.9 प्रतिशत बढ़कर 28,325 करोड़ रुपए के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गई, जो बेहतर ऑपरेशनल प्रदर्शन और ज्यादा सर्विस कंसेशन अरेंजमेंट (एससीए) इनकम के कारण हुआ, जो बढ़ते कैपेक्स को दर्शाता है.
कंपनी के सीईओ कंदर्प पटेल ने कहा, "वित्त वर्ष 2026 में हमारा प्रदर्शन मजबूत रहा. चौथी तिमाही में हमने मुंबई एचवीडीसी प्रोजेक्ट सहित पांच ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट पूरे किए, जिससे हम भारत में दो एचवीडीसी प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरा करने वाली एकमात्र निजी कंपनी बन गए हैं."
उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी ने इस वर्ष 1 करोड़ स्मार्ट मीटर लगाने का महत्वपूर्ण आंकड़ा पार कर लिया, जिससे बड़े स्तर पर इन्फ्रास्ट्रक्चर लागू करने में उसकी क्षमता साबित होती है.
वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी की कुल आय 15 प्रतिशत बढ़कर 7,588 करोड़ रुपए हो गई. इस तिमाही में EBITDA 4.9 प्रतिशत बढ़कर 2,372 करोड़ रुपए रहा, जबकि शुद्ध मुनाफा (पीएटी) 723 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 714 करोड़ रुपए था. एडजस्टेड पीएटी में सालाना आधार पर 27.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 566 करोड़ रुपए से बढ़कर 723 करोड़ रुपए हो गया.
पटेल ने आगे कहा कि हमारे सभी बिजनेस में ग्रोथ की संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं, क्योंकि एसेट बेस बढ़ रहा है, एचवीडीसी प्रोजेक्ट्स की अच्छी पाइपलाइन है और प्रोजेक्ट्स का काम तेजी से चल रहा है.
वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का कैपेक्स यानी पूंजीगत व्यय 1.24 गुना बढ़कर 14,232 करोड़ रुपए हो गया, जो वित्त वर्ष 2025 में 11,444 करोड़ रुपए था. हाल ही में मिले प्रोजेक्ट्स के चलते कंपनी की ट्रांसमिशन पाइपलाइन 71,779 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है. वहीं स्मार्ट मीटर का ऑर्डर बुक 2.46 करोड़ मीटर का है, जिसकी संभावित आय 29,519 करोड़ रुपए है.
एईएसएल को जापान क्रेडिट रेटिंग एजेंसी से बीबीबी+ (स्थिर) रेटिंग मिली है, जो भारत की सॉवरेन रेटिंग के अनुरूप है और कंपनी की मजबूत क्रेडिट प्रोफाइल और वित्तीय स्थिति को दर्शाती है.
देखें- अदाणी समूह की भागीदारी से मोतीलाल नगर बनेगा ‘15 मिनट सिटी', MHADA की ये योजना है बेहद खास
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)














