विज्ञापन

2 लाख रुपये के लालच में चलाई टाइगर श्रॉफ पर गोली! आरोपी रेहान की मां ने बताई चौंकाने वाली बातें

टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग मामले में आरोपी की मां का बयान सामने आया है. महिला ने बताया कि उनका बेटा पिछले 20-22 दिन से घर से गायब था.

2 लाख रुपये के लालच में चलाई टाइगर श्रॉफ पर गोली! आरोपी रेहान की मां ने बताई चौंकाने वाली बातें
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में आरोपी की मां का बयान
Social Media
नई दिल्ली:

अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी रेहान की मां ने दावा किया है कि उनका बेटा पिछले 20-22 दिनों से लापता था और परिवार ने उसे काफी तलाश किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले किसी ने उनके बेटे को एक साल में 2 लाख रुपये देने का लालच दिया था. मीडिया से बात करते हुए रेहान की मां ने बताया, पूछताछ के दौरान हमसे सवाल किए गए कि तुम्हारा बेटा वहां कैसे पहुंचा और क्या किसी ने उसे गुमराह किया था. मैंने कहा कि रेहान के पास न तो किराया था और न ही दूसरी जरूरी चीजों के लिए पर्याप्त पैसे थे. हमें यह भी जानकारी नहीं थी कि हमारा बेटा आखिर कहां चला गया है. रेहान पिछले 20-22 दिनों से घर से लापता था और हम लगातार उसे ढूंढ रहे थे.

रेहान की मां ने आगे दावा करते हुए कहा, कुछ दिन पहले किसी ने रेहान को एक साल में 2 लाख रुपए कमाने का लालच दिया था. जब उसने मुझे यह बात बताई, तो मैंने उसको समझाने की कोशिश की थी कि लालच में पड़ना गलत है. मैंने कहा कि हम मेहनत करके इज्जत की रोटी खाएंगे. रेहान घर पर ठीक-ठाक रह रहा था. हमें अंदाजा नहीं था कि वह इस तरह के किसी मामले में फंस सकता है.

यह भी पढ़ें: संघर्ष के लज्जा शंकर का खौफ, माधुरी दीक्षित की सहेली को कर रहे थे डेट, डर के मारे धक-धक गर्ल ने उससे पूछा था ये सवाल

मां ने अपने बयान में एक बड़े गैंग का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उसी गैंग ने रेहान को नशीली चीज खिलाई और उसका मोबाइल फोन छीन लिया. उन्होंने दावा किया कि रेहान पर फायरिंग की घटना से जुड़ा काम करने के लिए दबाव बनाया गया था. हालांकि, पुलिस उनके इन दावों की जांच कर रही है. टाइगर श्रॉफ से जुड़ी यह घटना मुंबई के जुहू इलाके की है. पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम अभिनेता फुटबॉल मैच खेलने के बाद अपनी कार से जा रहे थे, तभी उनकी कार पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं. इस मामले में पुलिस ने रेहान, फूल सिंह और ऋतिक कुमार को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया. तीनों पर हत्या के प्रयास समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

मुंबई पुलिस को घटनास्थल से पांच खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस भी मिले थे. पुलिस के अनुसार, आरोपी रेहान की बंदूक जाम होने के बाद दो जिंदा कारतूस उससे गिर गए थे. शुरुआत में फूल सिंह को नाबालिग बताया गया था लेकिन मुंबई पुलिस ने बताया कि वह वयस्क है. पुलिस का आरोप है कि घटना के दौरान उसने पांच राउंड फायर किए थे.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tiger Shroff, Entertainment, Trending, Bollywood, Hindi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com