बॉलीवुड के खिलाड़ी कहे जाने वाले अक्षय कुमार इन दिनों अपनी नई हॉरर-कॉमेडी फिल्म भूत बंगला की वजह से चर्चा में हैं, जिसने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है और महज दो दिनों में करीब 60 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. फिल्म की सफलता के बीच अक्षय प्रमोशन में भी पूरी तरह जुटे हैं, जहां वह अपने करियर के पुराने और दिलचस्प किस्से साझा कर रहे हैं, जिनमें से एक कहानी ने सबका ध्यान खींच लिया.
मरकर भी करते रहे शूटिंग
एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान अक्षय ने जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि फिल्म में उनका किरदार पहले ही मर चुका था, लेकिन शूटिंग के दौरान जब एक कलाकार नहीं पहुंचा, तो उन्हें फिर से बुला लिया गया. अक्षय ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वो उस फिल्म में 'पर डे बेसिस' पर काम कर रहे थे, इसलिए जहां जरूरत पड़ी, वहां उन्हें दोबारा जिंदा कर दिया गया. डायरेक्टर ने भी बिना झिझक उन्हें चार दिन के लिए शूट पर बुला लिया.
सांप, बदला और अजीबोगरीब कहानी
अक्षय ने फिल्म के एक चर्चित सीन को याद करते हुए बताया कि कैसे अरमान कोहली का किरदार सांप में बदल जाता है. एक महिला दूध लेकर आती है और सांप उसे देखता है—ऐसे दृश्य उस दौर में आम थे और दर्शकों को खूब पसंद भी आते थे. अक्षय के मुताबिक, उस समय फिल्मों में लॉजिक से ज्यादा “belief” और एंटरटेनमेंट पर जोर दिया जाता था, जो आज के दर्शकों को थोड़ा अटपटा लग सकता है.
सात सितारों की फिल्म, फिर भी फ्लॉप
जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी अपने समय की सबसे बड़ी मल्टीस्टारर फिल्मों में गिनी जाती है. इसमें सनी देओल, मनीषा कोइराला, सुनील शेट्टी, सोनू निगम, अरशद वारसी, आफताब शिवदासानी और आदित्य पंचोली जैसे कई बड़े नाम शामिल थे. इतनी बड़ी स्टारकास्ट के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन अपने अजीबोगरीब कॉन्सेप्ट और सीन की वजह से आज भी इसे कल्ट फिल्म के तौर पर याद किया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं