अभिनेत्री तमन्ना भाटिया आज सिर्फ अपनी फिल्मों और डांस के लिए ही नहीं, बल्कि बिजनेस की दुनिया में भी अपनी पहचान बना रही हैं. उन्होंने अपने अभिनय करियर में कई भाषाओं की फिल्मों में काम किया है. तमन्ना ने कभी नहीं सोचा था कि वह साउथ फिल्म इंडस्ट्री में काम करेंगी. उनका सपना तो सिर्फ एक अभिनेत्री बनने का था. अब वह अपने काम को आगे बढ़ाने के साथ-साथ खुद का ब्रांड बनाने पर भी ध्यान दे रही हैं. हाल ही में वह ‘NDTV Profit IGNITE' के दिवाली एडिशन 2026 में शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने अपने करियर, फिल्मों और बिजनेस को लेकर खुलकर बात की.
अभिनेत्री बनने का था सपना
तमन्ना भाटिया ने बातचीत में बताया कि उनका पहला और सबसे बड़ा जुनून फिल्में थीं. उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह 90 फिल्मों में काम करेंगी. उनका लक्ष्य सिर्फ एक अभिनेत्री बनना था. करियर में आगे बढ़ते हुए उन्हें कई ऐसे मौके मिले, जिन्होंने उनकी पहचान को नया रूप दिया. आज वह अभिनय के साथ बिजनेस की दुनिया में भी अपनी जगह बना रही हैं.
छठ पूजा को दिया सिनेमाई अंदाज
तमन्ना ने अपनी फिल्म ‘द वन्न' का भी जिक्र किया, जिसे दर्शकों का प्यार मिला. फिल्म में छठ पूजा पर एक गाना है. उन्होंने बताया कि भारत में करीब 30 से 40 करोड़ लोग छठ पूजा मनाते हैं. ऐसे में इस पर्व को फिल्म के जरिए दिखाना उनके लिए बेहद खास और रोमांचक अनुभव था. उन्होंने छठ पूजा को एक सिनेमाई अंदाज में पेश किया और इस परंपरा को फिल्म के जरिए सम्मान दिया.
‘दूधिया बदन' जैसे कमेंट्स पर क्या बोलीं?
तमन्ना भाटिया अपने डांस मूव्स और खूबसूरती के लिए भी काफी चर्चा में रहती हैं. अनू कपूर के ‘दूधिया बदन' वाले कमेंट ने भी सुर्खियां बटोरी थीं. ऐसे में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह चाहती हैं कि लोग उन्हें सिर्फ खूबसूरती या ग्लैमरस अंदाज से आगे बढ़कर देखें, तो उन्होंने अपने काम पर ध्यान देने की बात कही.
तमन्ना ने कहा कि एक क्रिएटिव इंसान के लिए सबसे जरूरी है कि वह दूसरों की बात सुने. लेकिन साथ ही यह समझना भी जरूरी है कि किन बातों को अपने साथ रखना है और किन्हें नजरअंदाज करना है.
ये भी पढ़ें: जेनिफर विंगेट को किया साइडलाइन? वायरल वीडियो के बाद परिणीति चोपड़ा ने दिया करारा जवाब
वह ऐसे कमेंट्स पर ध्यान नहीं देतीं और अपने अभिनय करियर, काम और भविष्य में क्या बनाना चाहती हैं, उसी पर फोकस रखती हैं. उन्होंने कहा कि वह अपने काम को सेवा की तरह करना चाहती हैं. उनका मानना है कि जब इंसान अपने काम के प्रति ईमानदार होता है, तो उसका काम सही जगह तक पहुंचता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं