टीवी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे एक बार फिर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने साल 2016 में निर्माता संजय कोहली के खिलाफ लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर बड़ा खुलासा किया था. शिल्पा ने दावा किया कि उन्होंने उस समय झूठे आरोप लगाए थे. उनके इस बयान के बाद टीवी अभिनेत्री हिना खान ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी. हिना ने कहा था कि वह शिल्पा के बयान से हैरान और दुखी हैं. अब शिल्पा शिंदे ने भी हिना के बयान पर जवाब दिया है और बिना नाम लिए उन पर निशाना साधा है. शिल्पा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पूरे मामले को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है.
हिना खान के बयान पर शिल्पा का पलटवार
एक नए वीडियो में शिल्पा शिंदे ने कहा कि लोग उनके नाम का इस्तेमाल कर पब्लिसिटी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “लोग मेरे नाम पर पब्लिसिटी लेना कब बंद करेंगे, पता नहीं. चलती ट्रेन में मत चढ़िए, चोट लग सकती है. पब्लिसिटी के लिए आपके पास अपनी बीमारी है, परिवार में हुई मौत की बातें हैं, फिर आपको शिल्पा शिंदे की जरूरत क्यों पड़ रही है?”
हालांकि शिल्पा ने वीडियो में हिना खान का नाम नहीं लिया, लेकिन माना जा रहा है कि उनका इशारा उन्हीं की तरफ था. शिल्पा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग शिल्पा का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई लोग उनके बयान की आलोचना भी कर रहे हैं.
‘नौ साल पहले साथ दिया होता तो बात यहां तक नहीं पहुंचती'
शिल्पा ने अपने वीडियो में यह भी कहा कि जब वह मुश्किल समय से गुजर रही थीं तब बहुत कम लोगों ने उनका साथ दिया था. उन्होंने कहा कि अगर उस समय लोगों ने उनका समर्थन किया होता तो आज यह स्थिति नहीं आती. उन्होंने कहा, “नौ साल बाद मैंने काम कर लिया. किसी ने मुझसे बोलने के लिए नहीं कहा, लेकिन मैं एक लड़की के पिता और एक महिला के पति के लिए खड़ी हूं क्योंकि मैंने झूठ बोला था. मैं अपने दिल पर झूठ लेकर नहीं जी सकती.”
शिल्पा ने आगे कहा कि अगर उन्होंने उस समय किसी को गिरफ्तार करवा दिया होता और बाद में सच सामने आता, तो उन्हें खुद अपनी गलती की सजा भुगतनी पड़ती. उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि लोग पूरी कहानी जाने बिना प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
क्या था 2016 का पूरा विवाद?
शिल्पा शिंदे टीवी शो ‘भाबीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुई थीं. साल 2016 में उन्होंने अचानक शो छोड़ दिया था, जिससे उनके फैंस हैरान रह गए थे. उस समय शिल्पा ने शो के निर्माताओं पर मानसिक दबाव बनाने और करियर खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था. उन्होंने यह भी कहा था कि उनसे ऐसा कॉन्ट्रैक्ट साइन करवाने की कोशिश की जा रही थी, जिससे वह दूसरे शो में काम नहीं कर सकती थीं.
यह भी पढ़ें: शिल्पा शिंदे को यौन शोषण के झूठे आरोप लगाने पर सुननी पड़ी खरी-खोटी, एक्ट्रेस 'बोली जो मेरे साथ हुआ...'
विवाद बढ़ने के बाद शिल्पा ने निर्माता संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया और उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई थी. दूसरी ओर, प्रोडक्शन हाउस ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए शिल्पा पर कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने का आरोप लगाया था. अब करीब नौ साल बाद शिल्पा के नए बयान ने इस पुराने विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं