विज्ञापन

'राख' का ट्रेलर रिलीज, प्राइम वीडियो की वेब सीरीज का डायलॉग 'बच्चे कब से गायब हैं?' खड़े कर देगा रोंगटे

'राख' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. प्राइम वीडियो की रोंगटे खड़े कर देने वाली इस इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर में अली फज़ल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर लीड रोल में हैं. जानें कैसा है ट्रेलर.

'राख' का ट्रेलर रिलीज, प्राइम वीडियो की वेब सीरीज का डायलॉग 'बच्चे कब से गायब हैं?' खड़े कर देगा रोंगटे
प्राइम वीडियो की वेब सीरीज राख का ट्रेलर रिलीज
YouTube
नई दिल्ली:

प्राइम वीडियो ने अपनी अपकमिंग ओरिजिनल इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर सीरीज, 'राख' का रोंगटे खड़े कर देने वाला ट्रेलर रिलीज कर दिया है. एक काल्पनिक कहानी पर बनी इस सीरीज के डायरेक्टर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर प्रोसित रॉय हैं, जबकि इसे अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत ने मिलकर बनाया, लिखा और सह-निर्देशित किया है. इसके संवाद आयुष त्रिवेदी ने लिखे हैं. ट्रेलर में ऐसे बेरहम और खौफनाक जुर्म की झलक दिखाई गई है, जो न सिर्फ पीड़ितों के परिवारों को पूरी तरह तोड़कर रख देता है, बल्कि इंसान के भीतर छिपी नफरत और हैवानियत के डरावने चेहरे को भी सामने लाता है, जो हमारे समाज में मौजूद हैं. 

'राख' वेब सीरीज में अली फजल, सोनाली बेंद्रे, आमिर बशीर, आकाश मखीजा, रमनदीप यादव, दिव्या शर्मा, विवान शर्मा, अंशुल चौहान, राकेश बेदी, और दिब्येंदु भट्टाचार्य भी अहम भूमिकाओं में हैं. ये वेब सीरीज 12 जून को प्राइम वीडिोय पर रिलीज हो रही है.

राख के इस झकझोर देने वाले ट्रेलर की शुरुआत एक ऐसे सवाल से होती जिसे कोई भी मां-बाप कभी सुनना नहीं चाहेगा: 'बच्चे कब से गायब हैं?' ये कहानी 1970 के दशक की दिल्ली की है, जब हर मां-बाप को यही लगता था कि सूरज डूबने के बाद भी उनके बच्चे अकेले बाहर निकलने के लिए पूरी तरह महफूज हैं, लेकिन एक चौंकाने वाले जुर्म ने पूरे देश के इस भरोसे को तोड़ दिया.

राख ट्रेलर 

ट्रेलर के दिल दहला देने वाले और माहौल को गंभीर बनाने वाले दृश्य, एक मां-बाप के अपने बच्चों को ढूंढ निकालने की हताश उम्मीद को बयां करते हैं. इस घिनौने जुर्म को अंजाम देने वालों को पकड़ने के लिए, सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश (अली फजल) जोरदार अभियान शुरू करते हैं. 

राख में सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश का किरदार निभाने वाले अली फजल ने कहा, 'जब पहली बार राख के लिए मुझसे संपर्क किया गया, तो मुझे लगा कि ये भी कोई आम इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर होगी, लेकिन स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद मैं इसकी तरफ खिंचा चला गया. अनुषा, संदीप और प्रोसित ने मिलकर एक ऐसी कहानी तैयार की है जो कई परतों वाली, जज्बातों से भरी और असल जिंदगी की कड़वी सच्चाई के बेहद करीब है. जयप्रकाश बेहद शांत स्वभाव का इंसान होने के साथ-साथ एक अलग किस्म का पुलिसवाला है, और संदिग्धों के अलावा उसके दिमाग को समझना मुझे काफी रोमांचक लगा. उसमें बहुत-सी कमियां हैं, उसके मन में उलझने हैं, और वो तेजी से बदलते राजनीतिक-सामाजिक माहौल में खुद को साबित करने की जद्दोजहद में लगा हुआ है. राख को जो चीज वाकई सबसे अलग बनाती है, वो ये है कि ये सिर्फ एक पुलिस केस की जांच नहीं है, बल्कि इंसानी स्वभाव को गहराई से समझने वाली कहानी भी है. मुझे पूरा यकीन है कि भारत और दुनिया भर के दर्शकों के लिए यह सीरीज सच में बेहद रोमांचक होगी.'

राख में मोना अरोड़ा का किरदार निभाने वाली सोनाली बेंद्रे ने कहा, 'राख' की कहानी उस वक्त मेरे पास आई, जब मैं इस बात को लेकर काफी सजग हो गई थी कि मुझे किस तरह की कहानियों का हिस्सा बनना है. कई परतों वाली और जज्बातों के स्तर पर काफी गहरी ये कहानी मुझे सच में बहुत पसंद आई. वैसे तो ये कहानी एक सस्पेंस थ्रिलर की तरह आगे बढ़ती है, पर असल में यह इंसान के जज्बातों को भी बड़ी संजीदगी से सामने लाती है. इस सीरीज ने मुझे बतौर अदाकारा इंसानी जज्बातों के उन पहलुओं को अच्छी तरह समझने का मौका दिया, जिन्हें मैंने आज तक कभी महसूस नहीं किया था. मोना एक ऐसा किरदार है जो अंदर से नाजुक और शांत होने के साथ-साथ थोड़ी मजबूत भी है, और इस किरदार को निभाना मेरे लिए वाकई बेहद खूबसूरत अनुभव रहा.'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com