फिल्म मुन्ना भाई एमबीबीएस का सुपरहिट गाना देख लें आंखों में आंखें डाल देख लें, तो आपको आज भी याद होगा? इस गाने में नजर आई लड़की को लोग आज भी देख लें गर्ल के नाम से जानते हैं. इस एक गाने ने एक्ट्रेस मुमैत खान को रातों-रात स्टार बना दिया था, लेकिन जितनी तेजी से उन्हें शोहरत मिली उतनी ही तेजी से अचानक वो फिल्मी दुनिया से गायब हो गईं. आइए आज हम आपको बताते हैं देख लें गर्ल मुमैत खान के बारे में कि कैसे एक हादसे ने उनकी किस्मत बदल दी.
कौन हैं मुन्नाभाई एमबीबीएस की मुमैत खान
मुमैत खान का जन्म एक पाकिस्तानी पिता और साउथ इंडियन मां के घर हुआ, उनका बचपन मुंबई में बीता. लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से उन्होंने 13 साल की उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया. बचपन में वो पैसे बचाने के लिए स्कूल पैदल जाती थी, ताकि घर की मदद कर सके. 18 साल की उम्र में मुमैत को देख लें गाना मिला, जिसके बाद वो देश भर में फेमस हो गई. इसके बाद उन्होंने हलचल, लकी- नो टाइम पर लव, राउडी राठौर जैसी फिल्मों में काम किया. इसके अलावा वो तेलुगू फिल्म छत्रपति और पोकिरी में भी स्पेशल सॉन्ग कर चुकी हैं, लेकिन शोहरत हासिल करने की कुछ ही समय बाद वह फिल्मी इंडस्ट्री से दूर हो गईं.
एक हादसे ने बदली मुमैत की जिंदगी
मुमैत की जिंदगी में एक बड़ा हादसा हुआ, जिससे उनके दिमाग की नसें फट गई और वो 15 दिन तक कोमा में रहीं. डॉक्टरों ने उन्हें साफ कह दिया कि कम से कम 7 साल तक कोई काम या फिजिकल एक्सरसाइज ना करें. दवाइयों के कारण उनका वजन भी बढ़ गया, करियर पूरी तरह से रुक गया और फिल्म इंडस्ट्री से वो दूर हो गई.
अब क्या करती हैं मुमैत खान
मुमैत खान को मेकअप और हेयर स्टाइलिंग का बहुत शौक था, उन्होंने हैदराबाद में WeLyke Academy नाम से मेकअप और हेयर ट्रेनिंग अकादमी शुरू की. आज मुमैत खान फिल्मों से दूर जरूर हैं, लेकिन एक सफल बिजनेस वूमेन बन चुकी हैं. 40 साल की उम्र में वो सिंगल है और अपनी जिंदगी खुशी से जीती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं