मौनी रॉय और उनके पति सूरज नांबियार का रिश्ता एक समय इंडस्ट्री के सबसे चर्चित और मजबूत रिश्तों में गिना जाता था, लेकिन अब दोनों के अलग होने की खबर ने फैंस को बड़ा झटका दिया है. 14 मई 2026 को कपल ने एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर अपने अलग होने की पुष्टि की और लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की. इसी बीच सूरज नांबियार का एक पुराना इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने खुलकर स्वीकार किया था कि वह लंबे समय तक शादी के खिलाफ थे. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी बताया था कि मौनी रॉय ही थीं जो इस रिश्ते को अगले पड़ाव तक ले जाना चाहती थीं.
मौनी शादी चाहती थीं, सूरज टालते रहे
एक पुराने इंटरव्यू में सूरज नांबियार ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की थीं. उन्होंने बताया था कि वह शादी जैसी जिम्मेदारी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थे और काफी समय तक इस फैसले से बचते रहे. सूरज ने माना था कि मौनी रॉय अपने रिश्ते को लेकर शुरू से गंभीर थीं और वह शादी करना चाहती थीं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि मौनी ने आखिरकार उन्हें साफ शब्दों में कह दिया था कि या तो रिश्ते को नाम दो या फिर अलग हो जाओ. इसी बातचीत के बाद सूरज को एहसास हुआ कि अगर उन्होंने फैसला नहीं लिया तो वह मौनी को हमेशा के लिए खो सकते हैं.
शादी के बाद बदली थी सोच
सूरज ने उसी इंटरव्यू में यह भी कहा था कि शादी को लेकर उनका नजरिया बाद में पूरी तरह बदल गया था. उन्होंने माना कि शादी के एक साल बाद उन्हें महसूस हुआ कि यह रिश्ता काफी शांत और संतुलित है. सूरज ने यहां तक कहा था कि अब वह शादी को गलत नहीं मानते और दूसरों को भी इसकी सलाह देंगे. उन्होंने अपनी शादी को सफल बनाने का श्रेय दोनों की समझदारी और व्यस्त प्रोफेशनल लाइफ को दिया था. उस वक्त उनका यह बयान काफी चर्चा में रहा था, क्योंकि उन्होंने ईमानदारी से स्वीकार किया था कि पहले वह कमिटमेंट से डरते थे.
सोशल मीडिया से शुरू हुई तलाक की चर्चा
मौनी और सूरज के रिश्ते में दरार की खबरें तब तेज हुईं जब फैंस ने नोटिस किया कि मौनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी की कई तस्वीरें हटा दी हैं. इसके बाद लगातार दोनों के अलग होने की अफवाहें उड़ने लगीं. आखिरकार कपल ने एक साझा बयान जारी कर साफ किया कि वे अलग हो रहे हैं और इस मुश्किल दौर में शांति चाहते हैं. उन्होंने मीडिया और लोगों से अपील की कि अफवाहों से बचें और उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करें. बता दें कि मौनी और सूरज ने साल 2022 में गोवा में बंगाली और मलयाली रीति-रिवाजों से शादी की थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं