हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म षमिताभ की कहानी की हर कोई दिल खोल कर तारीफ कर रहा है। धनुष का चेहरा और बिग बी की आवाज़ का जादू। बालकी के इस आइडिया का हर कोई कायल हो गया है।
लेकिन शायद बहुत कम लोगों को यह बात मालूम होगी कि सिर्फ बिग बी ही क्यों उनकी पत्नी जया बच्चन की आवाज़ का फायदा भी बड़े पर्दे पर टीना मुनीम और पूनम ढिल्लों उठा चुकी है। 1982 में रिलीज़ हुई फिल्म 'यह वादा रहा' के निर्माता रमेश बहल जया बच्चन के ख़ास दोस्त थे। उन्हें अपनी दोनों हिरोइनों की डबिंग के लिए एक ही आवाज़ चाहिए थी क्योंकि कहानी के अनुसार दोनों एक ही किरदार निभा रही थी।
पूनम ढिल्लों जो एक प्लास्टिक सर्जरी के बाद टीना मुनीम का चेहरा पाती हैं। नतीजन दोस्ती की खातिर जया बच्चन ने खुशी खुशी पूनम और टीना दोनों के डॉयलाग्स डब किए।
इतना ही नहीं रेखा भी कई जानी मानी हिरोइन्स के डॉयलाग्स डब कर चुकी है। मसलन 1999 में रिलीज़ हुई फिल्म सूर्यवंशम की दोनों हिरोइन्स जयासुधा और सौंदर्या के डॉयलाग्स रेखा ने ही डब किए थे। फिल्म के मुख्य हीरो थे अमिताभ बच्चन।
1988 में रिलीज़ हुई फिल्म वारिस में भी स्मिता का चेहरा है और रेखा की आवाज़। डबिंग से पहले ही स्मिता अचानक इस दुनिया को छोड़ कर चली गई थी। इस हादसे के बाद रेखा को फिल्म की डबिंग के लिए बुलाया गया। 1986 की बिग बी और श्रीदेवी स्टारर फिल्म आख़िरी रास्ता में भी श्री के किरदार को रेखा ने ही डब किया था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं