विज्ञापन

स्कूल में माधुरी दीक्षित को पड़ी थी बेंत से मार, इस सब्जेक्ट की क्लास के नाम से भी लगता था डर

स्कूल के दिनों में शरारत करना माधुरी दीक्षित को भारी पड़ गया था. अभिनेत्री ने बताया कि एक बार टीचर ने पूरी क्लास को बेंत से सजा दी थी, वहीं एक खास क्लास का नाम सुनते ही उन्हें डर लगने लगता था.

स्कूल में माधुरी दीक्षित को पड़ी थी बेंत से मार, इस सब्जेक्ट की क्लास के नाम से भी लगता था डर
स्कूल में माधुरी दीक्षित को पड़ी थी बेंत से मार

बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित अपनी शानदार अदाकारी और डांस के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं, लेकिन स्कूल के दिनों में वह भी आम बच्चों की तरह शरारतें किया करती थीं. हाल ही में एक क्विज शो के दौरान माधुरी ने अपने स्कूल से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि एक बार क्लास में खूब हंगामा करने पर टीचर ने उन्हें और उनके साथियों को बेंत से मारा था. अभिनेत्री ने उस घटना को याद करते हुए बताया कि बेंत की पहली मार पड़ने के बाद कुछ सेकंड तक दर्द का एहसास नहीं होता, लेकिन फिर तेज दर्द शुरू होता है.

माधुरी के स्कूल के दिनों से जुड़ा यह किस्सा तब सामने आया, जब शो में पुणे की कंटेस्टेंट अमृता डाले ने उनसे उनकी पढ़ाई और बचपन के बारे में सवाल पूछने शुरू किए. अमृता ने अभिनेत्री से पूछा कि क्या कभी स्कूल में किसी टीचर ने उन्हें सजा दी थी? इस पर माधुरी ने हंसते हुए बताया कि उनके साथ ऐसा एक बार हुआ था.

माधुरी ने घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा, ''हां, एक बार ऐसा हुआ था. हमने स्कूल में इतना हंगामा किया कि टीचर गुस्सा हो गईं. वह बेंत लेकर क्लास में आईं और हम सभी को एक-एक बार मारा. जब पहली बार बेंत पड़ती है, तो करीब दो सेकंड तक कुछ महसूस नहीं होता. वह जगह सुन्न हो जाती है और फिर कुछ सेकंड बाद दर्द शुरू होता है.'' इस दौरान माधुरी ने बेंत पड़ने की आवाज की नकल करके भी दिखाई, जिससे वहां मौजूद लोग हंसने लगे.

बातचीत के दौरान माधुरी ने गणित को लेकर भी अपने स्कूल के दिनों की यादें साझा कीं. अमृता ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें स्कूल में गणित पसंद था? इस पर माधुरी ने कहा, ''नहीं, मुझे मैथ्स कभी पसंद नहीं था. हमारी टीचर बहुत सख्त थीं. पता नहीं उनकी क्लास में आने का तरीका ऐसा था या कुछ और, लेकिन हम उनसे बहुत डरते थे. गणित की क्लास का नाम सुनते ही डर लगने लगता था. लगता था कि हे भगवान! अब गणित की क्लास होने वाली है.''

बता दें कि माधुरी दीक्षित ने मुंबई के अंधेरी इलाके में अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने माइक्रोबायोलॉजी में उच्च शिक्षा हासिल की. माधुरी को बचपन से ही डांस का शौक था. उन्होंने कम उम्र में कथक सीखना शुरू कर दिया था और कई सालों तक इस शास्त्रीय नृत्य की ट्रेनिंग ली.

ये भी पढ़ें: 35 साल पुराना लता-इला अरुण का वो गाना, राजस्थान की मिट्टी से निकल हुआ अमर, श्रीदेवी ने बनाया सुपरहिट


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhuri Dixit, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com