बेंगलुरू में सोनू निगम को लेकर अभी भी गुस्सा शांत नहीं हुआ है. कर्नाटक रक्षण वेदिके के राज्य अध्यक्ष टी.ए. नारायणगौड़ा ने बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर से अपील की है कि वे थानिसंद्रा मेन रोड पर स्थित 'इंडियन मॉल ऑफ बेंगलुरु' में 24 अक्टूबर, 2026 को होने वाले गायक सोनू निगम के कॉन्सर्ट की इजाजत न दें. संगठन का आरोप है कि सोनू निगम ने अप्रैल 2025 में एक छात्र की कन्नड़ गाना गाने की गुजारिश को पहलगाम आतंकी हमले से जोड़कर कन्नड़ लोगों का अपमान किया था. उनका कहना है कि इस मामले में 2 मई, 2025 को अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी.
संगठन ने मांग की है कि कॉन्सर्ट के लिए पहले से दी गई किसी भी इजाजत को रद्द किया जाए, पुरानी शिकायत की स्थिति की समीक्षा की जाए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए जाएं. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर कॉन्सर्ट होने दिया गया, तो पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे.

Photo Credit: social media
2025 में क्या हुआ था?
बेंगलुरू के विरगोनगर में ईस्ट पॉइंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में 25-26 अप्रैल को म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान सोनू निगम को कथित तौर पर एक युवक ने कन्नड़ में गाने के लिए बार-बार कहा, जिस पर उन्होंने गुस्से में जवाब दिया था. हालांकि बाद में सोनू ने माफी भी मांग ली थी. सिंगर ने कहा, "मैंने कन्नड़ समेत विभिन्न भाषाओं में गाने गाए हैं. जब भी मैं कर्नाटक आता हूं, मैं बहुत प्यार और सम्मान के साथ आता हूं. आप सभी ने मेरे साथ परिवार की तरह व्यवहार किया है."
उन्होंने कहा, "जब भी मुझसे अनुरोध किया जाता है, मैं हमेशा कन्नड़ गाने गाता हूं. मैं उस युवक के जन्म से पहले से कन्नड़ में गाता रहा हूं, लेकिन मुझे उसका 'कन्नड़, कन्नड़' चिल्लाना पसंद नहीं आया. इस तरह के व्यवहार के कारण ही पहलगाम हमले जैसी घटनाएं होती हैं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं