आवारापन 2 के बाद इमरान हाशमी अब एक बार फिर एक्शन अवतार में वापस आ गए हैं. लेकिन इस बार प्यार के साथ एक्शन का हेवी डोज भी है. एंटरटेनमेंट की ये खुराक दे रहा है गनमास्टर जी9 का ट्रेलर. इमरान हाशमी की आने वाली फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुकी है. इस ट्रेलर में हमें टूटते रिश्ते, धोखा और बदले की कहानी देखने को मिली. कहानी का फोकस एक शख्स है जो अपने चाहने वालों को लिए किसी भी हद तक जा सकता है. आदित्य दत्त के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया डिसूजा, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह लीड रोल में हैं.
Gunmaaster G9 ट्रेलर
फिल्म के म्यूजिक और टीजर के बाद ट्रेलर रिलीज किया गया. ट्रेलर के पहले सीन में इमरान का कहते हैं, "एक पुजारी के पास उसका तिलक है, एक मुस्लिम भाई के पास उसका ईमान है, और हमारे पास हमारा प्यार है... हम इन्हें गर्व के साथ अपने सिर पर सजाए रखते हैं. लेकिन एक दिन, किसी ने इन्हें ज़मीन पर फेंक दिया और रौंद दिया." जेनेलिया के किरदार के साथ बातचीत में उनका एक नरम पहलू सामने आता है. उसे हमेशा सुरक्षित रखने का भरोसा दिलाते हुए वे कहते हैं, "हो सकता है कि मैं तुम्हें हंसा न सकूं, लेकिन मैं कभी किसी को तुम्हें रुलाने नहीं दूंगा."
लेकिन अपने अतीत को पीछे छोड़ना उतना आसान नहीं होगा, जितना वह सोचता है. एक पुलिस अधिकारी उसका इंट्रोडक्शन देते हुए कहता है, "यह एक गुंडा था और अब बहुत शरीफ बनने का नाटक कर रहा है." अपारशक्ति खुराना जो शायद विलेन का किरदार निभा रहे हैं, इस तनाव को और बढ़ा देते हैं. उन्हें पहले 'नानी तेरी मोरनी को मोर ले गए...' गाते हुए सुना जाता है और फिर वह एक डरावनी चेतावनी देते हैं: "जो कोई भी देश से गद्दारी करता है, देश उसे और उसके परिवार को निगल जाता है."
एक और तीखे डायलॉग में इमरान का किरदार अपने इरादे साफ कर देता है और उन लोगों को चेतावनी देता है जो उसके अपनों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं. वह कहता है, "अगर कोई मेरे प्यार या मेरे परिवार की तरफ आंख उठाकर भी देखेगा, तो मैं उसकी आंखें निकाल लूंगा. अगर कोई उन पर हाथ उठाएगा तो मैं उसका हाथ काट दूंगा. मैं उन्हें एक-एक करके मारकर चिता पर नहीं लिटाऊंगा. पहले मैं उन्हें चिता पर लिटाऊंगा और फिर मारूंगा. प्यार में आंसू बहाने का दस्तूर है, लेकिन मैं खून बहाऊंगा."
फिल्म के सीन में भरपूर एक्शन देखने को मिलता है. 'गनमास्टर G9' के जरिए इमरान डायरेक्टर आदित्य दत्त और म्यूजिक कम्पोजर हिमेश रेशमिया लगभग दो दशक बाद फिर से एक साथ आए हैं. इससे पहले 2005 में उन्होंने 'आशिक बनाया आपने' फिल्म में साथ काम किया था. ट्रेलर में रोमांस की भी झलक मिलती है, जिसमें 'अफसाना बनाया आपने' गाना बजता है. इस गाने को हिमेश रेशमिया और असीस कौर ने गाया है और हिमेश ने ही इसे कम्पोज किया है. यह गाना तब बजता है जब जेनेलिया का किरदार इमरान के किरदार को यह समझाने की कोशिश करती है कि वे अपने अतीत को अपने रिश्ते पर हावी न होने दें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं