इमरान हाशमी इन दिनों आवारापन 2 की बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म ने केवल 8 दिनों में 119 करोड़ नेट कलेक्शन और 141.87 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन भारत में कर लिया है. जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 170 करोड़ तक पहुंच गई है. इसी के चलते इमरान हाशमी काफी चर्चा में हैं. लेकिन इसी बीच इमरान हाशमी की पत्नी परवीन ने एक्टर के उस गाने का जिक्र किया, जिसकी फिल्म की शूटिंग के दौरान वह संघर्ष से गुजर रहे थे. हम बात कर रहे हैं हमारी अधूरी कहानी के टाइटल ट्रैक की.
बेटे के कारण इमरान हाशमी कर रहे थे संघर्ष
रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'हमारी अधूरी कहानी' में अभिनेता इमरान हाशमी ने बेहतरीन अभिनय से अपनी रूढ़िवादी छवि को तोड़कर एक गंभीर, संवेदनशील और परिपक्व रोमांटिक अभिनेता के रूप में खुद को स्थापित किया है. शनिवार को अभिनेता की पत्नी परवीन ने खुलासा किया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता जिंदगी के संघर्ष से गुजर रहे थे. अभिनेता की पत्नी परवीन हाशमी ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का टाइटल ट्रेक पोस्ट किया. परवीन ने अपनी इस पोस्ट के जरिए बताया कि शूटिंग के समय ही उनके बेटे अयान का कैंसर ट्रीटमेंट चल रहा था. शूटिंग के कारण इमरान को परवीन और बेटे को छोड़कर आना पड़ा था.
ये भी पढ़ें- रामायण के लक्ष्मण ने बताया नमस्ते, नमस्कार और प्रणाम में क्या है फर्क, बोले- भारतीय संस्कृति में तीनों के अर्थ अलग
ऑफस्क्रीन टूटे हुए थे इमरान हाशमी
परवीन ने लिखा, "'हमारी अधूरी कहानी' का समय मुझे अच्छे से याद है, जब इमी (इमरान) को फिल्म शूटिंग के लिए जाना पड़ा था. ये उनकी सबसे इमोशनल फिल्मों में से एक है. शूटिंग के समय हमारे बेटे अयान अपना कैंसर ट्रीटमेंट करवा रहा था और इमी को 'हमारी अधूरी कहानी' शूट करने के लिए जाना पड़ा. मुझे पता है कि ऑफ-स्क्रीन वो अपने दिल में क्या लेकर चल रहे थे." परवीन ने अपनी बात खत्म करते हुए बताया कि कभी कभी स्क्रीन पर जो इमोशन दिखते हैं, वे इंसान के असली भी होते हैं. उन्होंने लिखा, "कभी-कभी जो आंसू आप स्क्रीन पर देखते हैं, वो एक बहुत ही सच्ची जगह से आते हैं."
हमारी अधूरी कहानी के बारे में
भारतीय हिंदी रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'हमारी अधूरी कहानी' का निर्देशन मोहित सूरी ने किया था और निर्माण महेश भट्ट ने किया था. कहा जाता है कि यह फिल्म निर्देशक महेश भट्ट के माता-पिता (नानाभाई भट्ट और शिरीन मोहम्मद अली) और उनकी सौतेली मां के वास्तविक जीवन के प्रेम पर आधारित है. फिल्म में इमरान हाशमी, विद्या बालन, और राजकुमार राव मुख्य भूमिकाओं में थे.
हमारी अधूरी कहानी के गाने और कहानी
यह फिल्म वसुधा (विद्या बालन) नामक एक सिंगल मदर और एक अमीर होटल व्यवसायी आरव (इमरान हाशमी) की प्रेम कहानी पर आधारित थी. वसुधा का पति हरि (राजकुमार राव) बिना बताए कई सालों पहले उसे छोड़कर चला गया था. आरव को वसुधा से प्यार हो जाता है, और धीरे-धीरे वसुधा भी उसे चाहने लगती है।कहानी में मोड़ तब आता है जब वसुधा का पुराना अतीत यानी उसका पति हरि वापस लौट आता है, जिसके बाद परिस्थितियाँ और भावनाएं एक नया मोड़ लेती हैं. फिल्म के गाने हमनवा और हमारी अधूरी कहानी को फैंस ने काफी पसंद किया गया.
ये भी पढ़ें- गुलजार का लिखा वो स्पेशल गाना, हनी सिंह ने उठाए थे लिरिक्स पर सवाल, खुद गीतकार ने कहा- अंतरा तो समझ लें
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं