बिहार में शराब तस्कर के हौसले बुलंद, पुलिस पर पत्थरों से हमला, पकड़ने पर जवान को दांतों से काटा

जब पुलिस की टीम ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने पत्थरों से अचानक हमला कर दिया. जब सिपाही ने उसे पकड़ने की कोशिश जारी रखी तो आरोपी ने उनके हाथ पर दांत से काट लिया. इस हमले में सिपाही घायल हो गए और उनके हाथ से खून निकलने लगा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पीछा कर रही पुलिस पर शराब तस्कर ने किया हमला

बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद शराब तस्करों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं. ताजा मामला पश्चिमी चम्पारण जिले के बगहा से सामने आया है, जहां छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर एक शराब तस्कर ने हमला कर दिया. गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पहले पथराव किया और फिर एक सिपाही को दांत से काटकर घायल कर दिया. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने तस्कर को पकड़ा

जानकारी के अनुसार, पटखौली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सेमरा-बगहा मुख्य मार्ग से शराब की खेप लाई जाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी की योजना बनाई. क्यूआरटी (QRT) के एसआई शौकत अली और एलटीएफ (LTF) के एसआई एस.के. मांझी के नेतृत्व में पुलिस टीम को बगहा रेलवे स्टेशन के पास तैनात किया गया. पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी. निगरानी के दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी, जो दो बड़े झोलों के साथ जा रहा था.

पुलिस को देखते ही आरोपी रेलवे लाइन की ओर भागने लगा. इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. इसी दौरान सिपाही मिथिलेश कुमार ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने अचानक हमला कर दिया. आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले पत्थरों से हमला किया. जब सिपाही मिथिलेश कुमार ने उसे पकड़ने की कोशिश जारी रखी तो आरोपी ने उनके हाथ पर दांत से काट लिया. इस हमले में सिपाही घायल हो गए और उनके हाथ से खून निकलने लगा.

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं शराब तस्करी के मामले

इसके बावजूद पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया. इस घटना के बाद घायल सिपाही और आरोपी दोनों का अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में इलाज कराया गया. पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद दोनों झोलों की तलाशी ली, जिसमें 10 लीटर देशी शराब बरामद हुई. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमीम अहमद के रूप में हुई है, जो नरईपुर चीनी मिल का निवासी बताया जा रहा है. 

Advertisement

बगहा एसपी निर्मला कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शमीम अहमद आदतन अपराधी है. उसके खिलाफ पहले भी शराब तस्करी के कई मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल भी जा चुका है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम और पुलिस टीम पर हमला करने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और शराब तस्करों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है. (बिंदेश्वर कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढे़ं- 'जगह है 15 की, बिठा देते हैं 25!'- बिहार में पलटी स्कूल वैन, 1 बच्ची की मौत, कई की हालत गंभीर

Advertisement
Featured Video Of The Day
US-Iran War: Mideast के Ports पर मंडराया बड़ा खतरा, US Military का बड़ा Blockade | Hormuz Strait