- बिहार विधानसभा में डिप्टी CM सम्राट चौधरी की सदन में कुछ खाते हुए वीडियो वायरल है, विपक्ष ने बनाया निशाना
- राजद और कांग्रेस ने ये वीडियो क्लिप शेयर कर सम्राट चौधरी पर तंज कसा है, कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा- ये गलत आचरण
- हालांकि वीडियो में स्पष्ट नहीं है कि डिप्टी CM ने क्या खाया, लेकिन विपक्ष इसे खैनी से जोड़कर विवाद बना रहा है
Bihar Politics Viral Video: बिहार विधानसभा की कार्यवाही के दौरान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है. इस वीडियो को लेकर विपक्षी पार्टियां राजद और कांग्रेस उपमुख्यमंत्री पर हमलावर है. इस वीडियो में सम्राट चौधरी सदन में कुछ खाते हुए दिख रहे हैं. वो एक हाथ से अपने दूसरे हाथ को ढकते हुए चेहरे के पास ले जाते हैं और मुंह में कुछ डालते हुए दिख रहे हैं. इसको लेकर राजद और कांग्रेस का दावा है कि डिप्टी सीएम सदन में खैनी (तंबाकू) खा रहे थे. हालांकि बीजेपी और जदयू ने इसे विपक्ष की हताशा का प्रमाण बताया है.
राजद और कांग्रेस ने ली चुटकी
कांग्रेस और राजद ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक X हैंडल से शेयर किया है और सम्राट चौधरी पर तीखा तंज कसा है. राजद ने ये वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा, 'सदन में खैनी खाने की निंजा तकनीक!' साथ ही वीडियो का कैप्शन लिखा है- 80 चुटकी 90 ताल, रगड़ के… मुंह में डाल. ये हैं बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी.
वहीं, दूसरी ओर बिहार कांग्रेस ने भी इसी वीडियो का क्लिप एक्स पर शेयर किया है. इसे शेयर करते हुए कांग्रेस ने लिखा' 'बनाओ खैनी रे….' बैकग्राउंड में भोजपुरी गीत बज रहा है- 'मेहर ना चुनौटी देली, धइले बा बेचैनी, बनावअ तनी खैनी'. इस गीत का मतलब है- पत्नी ने खैनी की डिबिया नहीं दी है, खाए बिना बेचैनी हो रही है, सो खैनी बनाओ जरा.' इस तरह कांग्रेस ने भी डिप्टी सीम पर चुटकी ली है.
बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का आचरण समाज के लिए उदाहरण होता है. ऐसे में यदि कोई जनप्रतिनिधि सदन की कार्यवाही के दौरान तंबाकू का सेवन करता है, तो यह निंदनीय है. उन्हें ये शोभा नहीं देता. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार तंबाकू उत्पादों पर टैक्स लगाती है और जनस्वास्थ्य की बात करती है, इसलिए ऐसे में जिम्मेदार पद पर बैठे लोगों को भी संयम और अच्छा आचरण बरतना चाहिए.
वाकई खैनी या फिर कुछ और?
वायरल वीडियो में स्पष्ट नहीं दिख रहा है कि डिप्टी सीएम ने सच में क्या खाया. उनके हाथ चलाने का अंदाज, बिहार में खैनी बनाने के पारंपरिक तरीके से मिलता-जुलता दिख रहा है, यही वजह है कि लोग इसे सीधे तौर पर तंबाकू से जोड़ रहे हैं. हालांकि, इस बारे में पुष्ट जानकारी नहीं है और न ही कोई प्रमाण है कि उन्होंने खैनी ही खाई है.
बीजेपी और जेडीयू ने विपक्ष पर पलटवार किया है. स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा, 'कांग्रेस का बयान उनकी हताशा का प्रमाण है. सम्राट चौधरी जनसेवा के लिए समर्पित नेता हैं. जंगलराज को बढ़ावा देने वाली पाटी आज मर्यादा की बात कर रही है!' वहीं जेडीयू प्रवक्ता अरविंद निषाद का कहना है कि लालू-राबड़ी शासन मे. अधिकारियों से खैनी बनवाया जाता था. आज वो ही सदन के मुद्दों को छोड़कर ऐसे वीडियो वायरल कर रहे हैं.'
ये भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव 2026: बिहार की 5 सीटें और सियासी ताकत का जान लीजिए पूरा गणित












