वैशाली (बिहार) के मतैया में भैया राम चौक पर बोलेरो गाड़ी चोरी करते दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. आक्रोशित भीड़ ने दोनों को पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई की. पुलिस के पहुंचने के बाद भी ग्रामीणों ने पिटाई जारी रखी. दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए. बताया जा रहा है कि शनिवार (5 अप्रैल) रात चौक पर 4 से अधिक चोर बोलेरो चुराने की कोशिश कर रहे थे. वाहन मालिक को आहट लग गई और शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. चोर भागने लगे, जिसमें से दो को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उनकी जमकर पिटाई कर दी.
लगातार वाहन चोरी से स्थानीय लोग परेशान
एक व्यक्ति चोर के कलेजे पर लात मार रहा था, तो कोई बाल पकड़कर खींच रहा था. घटना की सूचना मिलते ही वैशाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेने की कोशिश कर रही थी. जबकि आक्रोशित ग्रामीण पुलिस की मौजूदगी में भी पिटाई करते रहे. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके से पहले भी कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों की चोरी हो चुकी है, इसलिए लोग बेहद नाराज थे.
पुलिस ने ग्रामीणों से की अपील
पूछताछ में पता चला कि एक आरोपी मुजफ्फरपुर जिले के चैनपुर का रहने वाला है, जबकि दूसरा वैशाली थाना क्षेत्र के ही भागवतपुर का है. पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई है. मामले में एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेजा जाएगा. SDPO गोपाल मंडल ने बताया कि दोनों आरोपियों को घटनास्थल से थाने लाया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कानून अपने हाथ में न लें.
यह भी पढ़ेंः पुलिस के सामने चले लाठी-डंडे, जमीन विवाद में जमकर बरसे ईंट-पत्थर; 15 घायल














