Bihar News: बिहार में 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर और जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) एक बार फिर से कानूनी पचड़े में फंस गए हैं. गोपालगंज के मीरगंज में एक उपनयन (जनेऊ) संस्कार के दौरान मजमा लगाकर अश्लील डांस देखने और समर्थकों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. वायरल वीडियो के आधार पर आर्म्स एक्ट और अश्लीलता परोसने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जिसके बाद अब विधायक अनंत सिंह पर गिरफ्तारी की तलवार लटकने लगी है.
सेमराव गांव में गुड्डू राय के घर था भव्य आयोजन
यह पूरा मामला बीते 2 और 3 अप्रैल का है. विधायक अनंत सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मीरगंज इलाके के सेमराव गांव पहुंचे थे. यहां गुड्डू राय के आवास पर उपनयन संस्कार यानी जनेऊ का कार्यक्रम रखा गया था. इस कार्यक्रम में आने वाले सैकड़ों मेहमानों के ठहरने और खाने-पीने की बेहद भव्य व्यवस्था की गई थी. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल हुए जिन्होंने पूरे पुलिस महकमे में खलबली मचा दी.
वायरल वीडियो में नर्तकियों का डांस और हथियारों का खुला प्रदर्शन
इस आयोजन के बाद सोशल मीडिया पर मुख्य रूप से दो वीडियो खूब वायरल हुए. पहले वायरल वीडियो में यह दावा किया गया कि एक बड़े से हॉल में आर्केस्ट्रा गर्ल्स का डांस चल रहा है और वहां अश्लीलता परोसी जा रही है. वीडियो में दिख रहा है कि अनंत सिंह खुद अपने अन्य समर्थकों के साथ बैठकर नर्तकियों के डांस का मजा ले रहे हैं और तालियां बजा रहे हैं. इसके साथ ही एक दूसरा वीडियो भी सामने आया, जिसमें अनंत सिंह के दर्जनों समर्थक भोजपुरी गानों की धुन पर अपने हाथों में अवैध और लाइसेंसी हथियार लेकर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं. हथियारों के इस खुलेआम प्रदर्शन के वीडियो ने मामले को और ज्यादा गंभीर बना दिया.
SP विनय तिवारी ने लिया एक्शन, साइबर सेल ने की जांच
इन वायरल वीडियो के सामने आने के बाद गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने तुरंत एक्शन ले लिया. गोपालगंज पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले की साइबर सेल की टीम से गहन जांच कराई गई. एसपी विनय तिवारी ने स्पष्ट किया है कि सरेआम अश्लीलता परोसना, किसी भी तरह के हथियार का प्रदर्शन करना और इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से इसका प्रसार करना पूरी तरह से गैर कानूनी है. पुलिस इस मामले को लेकर काफी सख्त है और विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई कर रही है.
मीरगंज थाने में विधायक सहित 9 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज
साइबर सेल की जांच के आधार पर पुलिस ने अब तक 9 लोगों की पहचान कर ली है. इन सभी लोगों के खिलाफ मीरगंज थाना में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिन लोगों पर FIR हुई है, उनमें मुख्य रूप से जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, कार्यक्रम के आयोजक गुड्डू राय और गुंजन राय सहित आधा दर्जन अन्य लोग शामिल हैं. इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी इस मामले में आरोपित किया गया है. पुलिस का दावा है कि वीडियो में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द ही नामजद किया जाएगा.
बाहुबलियों पर कसता शिकंजा, पप्पू पांडे पर भी दर्ज हुआ था केसगोपालगंज पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अनंत सिंह की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं, वहीं उनके समर्थकों में भी हड़कंप मच गया है. आपको बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे करीब एक महीने पहले गोपालगंज के ही कुचायकोट से दबंग और बाहुबली विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे पर भी कुचायकोट थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी. उन पर आरोप है कि विधायक के संरक्षण में उनके समर्थक अवैध तरीके से जमीनों पर कब्जा करते हैं और भू-माफियाओं द्वारा इन जमीनों की खरीद-बिक्री की जाती है. यानी गोपालगंज जिले में अब तक जेडीयू के दो बाहुबली विधायकों के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है. आम लोग इसे सीएम सम्राट चौधरी के कड़े एक्शन के रूप में देख रहे हैं.
ये भी पढ़ें:- 'लिट्टी-चोखा' खाने घर आएंगे सोनू सूद, बाहुबली विधायक अनंत सिंह के साथ वीडियो कॉल की क्लिप वायरल














