SSB का नकस्लियों पर बड़ा एक्शन, हार्डकोर नक्सली प्रदीप यादव गिरफ्तार

SSB और गया पुलिस की टीम ने डुमरिया थाना क्षेत्र में संयुक्त ऑपरेशन चलाया. इस दौरान बिहार-झारखंड सीमा से सटे रबदी गांव के इलाके से प्रदीप यादव (लगभग 45 वर्ष) को दबोच लिया गया. (गया से रंजन सिन्हा की रिपोर्ट)

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
हार्डकोर नक्सली प्रदीप यादव गिरफ्तार
Bihar News:

गया जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने जिला पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर भाकपा माओवादी संगठन के वांछित हार्डकोर नक्सली प्रदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई 10 अप्रैल 2026 को विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर की गई. गिरफ्तार नक्सली पर पुलिस और CRPF पर जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप है.

बिहार-झारखंड के सीमा पर पकड़ा गया प्रदीप यादव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वितीय कमान अधिकारी (कार्यवाहक कमांडेंट) रविशंकर कुमार के निर्देशन में ‘सी' समवाय डुमरिया के निरीक्षक मंतोष कुमार के नेतृत्व में SSB और गया पुलिस की टीम ने डुमरिया थाना क्षेत्र में संयुक्त ऑपरेशन चलाया. इस दौरान बिहार-झारखंड सीमा से सटे रबदी गांव के इलाके से प्रदीप यादव (लगभग 45 वर्ष) को दबोच लिया गया. वह झारखंड के पलामू जिले के नोडीहा बाजार थाना क्षेत्र के कोवल गांव का रहने वाला है.

पुलिस और CRPF की सर्चिंग पार्टी पर जानलेवा हमला

गिरफ्तार नक्सली पर वर्ष 2012 में पुलिस और CRPF की सर्चिंग पार्टी पर जानलेवा हमला करने का आरोप है. 24 जनवरी 2012 को बागपुर के पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में अभियान से लौट रही टीम पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अंधाधुंध फायरिंग की थी. इस हमले में एक पुलिसकर्मी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटना के दौरान नक्सलियों का मकसद सुरक्षा बलों के हथियार लूटना था.

इस मामले में डुमरिया थाना में कांड संख्या 04/12 के तहत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था, जिसमें हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं. घटना के बाद से ही प्रदीप यादव फरार चल रहा था और सुरक्षा एजेंसियों की सूची में वांछित था.

Advertisement

फिलहाल, गिरफ्तार नक्सली को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए डुमरिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है. सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों और गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हैं.

यह भी पढ़ेंः बिहार में अब मंत्रियों की तर्ज पर IPS भी जिला प्रभारी, 32 अफसरों को मिली जिम्मेदारी, जानें किसे कहां की कमान

Advertisement
Featured Video Of The Day
Syed Suhail | West Bengal Elections 2026: बंगाल पर क्या कहता है सट्टा बाजार? |Exit Poll Results 2026