मक्के के खेत में प्रेमी संग पकड़ी गई शादीशुदा महिला, पति जिंदा..फिर भी पंचायत के कराई दूसरी शादी; बच्चे संग दी विदाई

Samastipur News: दिलचस्प बात यह है कि महिला का पति पिछले 5 साल से घर नहीं लौटा था. अविनाश कुमार की इस रिपोर्ट में जानिए इस अनोखी शादी की पूरी कहानी...

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
मक्के के खेत में मिले प्रेमी-प्रेमिका तो ग्रामीणों ने कराई शादी.
NDTV Reporter

Bihar News: बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के राधोपुर गांव में एक महिला और युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़कर उनकी शादी करा दी. यह पूरा मामला उस समय सामने आया जब महिला अपने प्रेमी से मिलने मक्के के खेत में पहुंची थी, जहां पहले से ही नजर रख रहे गांव वालों ने दोनों को एक साथ पकड़ लिया. इसके बाद दोनों को गांव लाया गया, जहां पंचायत जैसी एक बैठक बुलाई गई. ग्रामीणों और बुजुर्गों की मौजूदगी में आपसी सहमति से एक बड़ा फैसला लिया गया और दोनों को वरमाला पहनाकर पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ शादी करा दी गई. इस अनोखी शादी को देखने के लिए गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और भारी संख्या में युवा भी वहां मौजूद रहे, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

5 साल से घर नहीं लौटा था महिला का पति

शादी के बंधन में बंधी इस महिला की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रामपुर जलालपुर गांव की रहने वाली 30 वर्षीय राधनी के रूप में हुई है. राधनी की शादी करीब 7 साल पहले राधोपुर गांव के मनीष कुमार से हुई थी और दोनों का एक 5 साल का बेटा भी है. शादी के कुछ साल बाद ही मनीष रोजी-रोटी कमाने के लिए हरियाणा चला गया था, लेकिन वह पिछले करीब 5 वर्षों से वापस घर नहीं लौटा. वह अपने माता-पिता से तो कभी-कभार फोन पर बात कर लेता था, लेकिन अपनी पत्नी और बेटे से उसका संपर्क लगभग पूरी तरह टूट चुका था. पति के इतने लंबे समय तक बाहर रहने और कोई संपर्क न होने के कारण राधनी अपने मायके में रहने लगी थी.

सोशल मीडिया और फोन पर बढ़ी नजदीकियां

मायके में रहने के दौरान ही राधनी की पहचान पास के ही रहने वाले 25 वर्षीय युवक मयंक से हुई. आसपास का इलाका होने की वजह से दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे, लेकिन बाद में सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के जरिए दोनों के बीच बातचीत काफी ज्यादा बढ़ गई. फोन पर शुरू हुआ यह सिलसिला धीरे-धीरे मुलाकातों में बदल गया और दोनों के बीच प्यार हो गया. ग्रामीणों का कहना है कि दोनों अक्सर गांव और बाजार के बाहर चोरी-छिपे मिला करते थे. बुधवार की देर शाम भी राधनी अपने प्रेमी मयंक से मिलने के लिए राधोपुर गांव पहुंची थी, जहां दोनों गांव के बाहर मक्के के खेत में मिले और ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए.

बच्चे के साथ मां को दी गई विदाई

मक्के के खेत से पकड़े जाने के बाद गुरुवार को गांव वालों ने दोनों की शादी का पूरा इंतजाम किया. ग्रामीणों की मौजूदगी में मयंक से महिला की मांग में सिंदूर भरवाया गया और शादी की रस्में पूरी की गईं. इस पूरी घटना की सबसे भावुक बात यह रही कि शादी संपन्न होने के बाद ग्रामीणों ने महिला को उसके पांच साल के बेटे के साथ पूरे रीति-रिवाज से विदा किया. अब यह महिला अपने पांच वर्षीय बच्चे को साथ लेकर अपने नए पति मयंक के घर चली गई है, और पूरे इलाके में ग्रामीणों द्वारा कराई गई इस शादी की चर्चा जोरों पर है.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- मजदूरों, पुलिसकर्मियों को गोलियों से भून डाला, होंडुरास में खेतों से सड़क तक कत्लेआम, 25 मरे

Featured Video Of The Day
Bengaluru से Delhi आ रही Air India Flight के इंजन में लगी आग! लैंडिंग से ठीक पहले मचा हड़कंप