समस्तीपुर जेल में कैदी की मौत पर अस्पताल में मचा हंगामा, परिजनों ने पुलिस पर लगाया हत्या का आरोप

बिहार के समस्तीपुर में शराब के मामले में गिरफ्तार एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई. गुस्साए परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
कैदी के परिवार का अस्पताल के बाहर हंगामा
NDTV

Samstipur News: बिहार के समस्तीपुर मंडल जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की मंगलवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना के बाद बुधवार को समस्तीपुर सदर अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ. गुस्साए  परिजनों ने अस्पताल परिस्सर में आबकारी थाने की पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल कर जमकर नारेबाजी की.

परिजनों ने पुलिस पर लगाया हत्या का आरोप

मामले को लेकर मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में मारपीट कर हत्या करने और अवैध वसूली करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. जिसके कारण कैदी की जान चली गई. वहीं, पुलिस और प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. 

ताड़ी बरामदगी पर हुई थी गिरफ्तारी

मृतक की पहचान हलई थाना क्षेत्र के वाजितपुर करनेल गांव निवासी 32 साल के सुधीर कुमार उर्फ बाबा के रूप में हुई है. कैदी को दो दिनों पहले शराब से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में मंडल जेल भेजा गया था. जहां रहने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लाया गया. जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

 वहीं बुधवार सुबह कैदी की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंच के बाहर पहुंच कर हंगामा करने लगे. आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.

अवैध वसूली न देने पर पीट-पीटकर मार डाला

परिवार का आरोप है कि सुधीर कुमार को गिरफ्तार करने के समय पुलिस ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई. मृतक की सास संगीता देवी ने पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पुलिस की छापेमारी के दौरान उनके घर से ताड़ी के अलावा कोई आपत्तिजनक चीज़ बरामद नहीं हुई. इसके बावजूद, उसके दामाद को गिरफ्तार कर लिया गया.

Advertisement

साथ ही पुलिसवालों ने मामले को दबाने के लिए पैसे मांगे. गिरफ्तारी वाले दिन उसके दामाद के साथ मारपीट की गई और बाद में ही यह बताया गया कि वह बीमार है. परिवार के अनुसार, सुधीर कुमार पूरी तरह से स्वस्थ था और उसे कोई गंभीर बीमारी नहीं थी.

बढ़ते तनाव के चलते पुलिस बल तैनात 

अस्पताल में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया. प्रशासनिक अधिकारियों और जेल प्रबंधन ने गुस्साए परिजनों को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी प्रक्रिया पूरी की गई.

Advertisement

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम 

 सदर अस्पताल पर प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट राजकिशोर प्रसाद शर्मा ने बताया कि  पूरे मामले की जांच कराई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कैदी की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

पुलिस जांच जारी

 फिलहाल, परिजनों की मांग है कि दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए.

रिपोर्ट: समस्तीपुर- अविनाश कुमार 

यह भी पढ़ें: पटना में एक ही घर में करैत सांप ने बरपाया कहर, 48 घंटे में चाचा-भतीजी को डंसा; मौत

Featured Video Of The Day
दिल्ली होटल अग्निकांड लील गया 21 जिंदगी! चश्मदीद ने बताई आखों-देखी
Topics mentioned in this article