लालू परिवार का बदलेगा पता? 10 सर्कुलर रोड खाली करने की मोहलत आज हो रही खत्म, 'नया आशियाना' देखने पहुंचीं राबड़ी देवी

बिहार सरकार ने राबड़ी देवी को 29 मई को नोटिस जारी कर 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास खाली करने के लिए 15 दिन का समय दिया था. आज 13 जून को यह 15 दिन की मोहलत पूरी हो रही है, जिसके बाद प्रशासन इस बंगले का फॉर्मल हैंडओवर शुरू कर सकता है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पटना में कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी बंगले का निरीक्षण करतीं राबड़ी देवी की तस्वीर.
NDTV Reporter

Patna News: बिहार की राजनीति में दशकों तक सत्ता का केंद्र रहा पटना का 10 सर्कुलर रोड स्थित वीवीआईपी बंगला अब पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू परिवार का ठिकाना नहीं रहेगा. बिहार सरकार के सख्त आदेश के बाद आज वो मियाद पूरी हो रही है, जो लालू परिवार को अपना सामान समेटने के लिए दी गई थी. जैसे-जैसे डेडलाइन का समय करीब आ रहा है, लालू परिवार के 'नए आशियाने' में हलचल तेज हो गई है.

पुराने घर का जायजा लेने पहुंचीं राबड़ी देवी

सरकारी अल्टीमेटम की घड़ी नजदीक आते ही लालू परिवार ने शिफ्टिंग की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी शनिवार को पटना के कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी बंगले का निरीक्षण करने पहुंचीं. यह आलीशान बंगला अब बनकर लगभग पूरी तरह से तैयार है. अंतिम चरण के काम का मुआयना करने पहुंचीं राबड़ी देवी इस दौरान बिल्कुल सादे अंदाज में और बिना किसी सुरक्षा तामझाम के नजर आईं. माना जा रहा है कि सरकारी आवास छोड़ने के बाद पूरा लालू परिवार अब इसी घर में शिफ्ट होने जा रहा है.

नया घर, लेकिन पता पुराना!

कौटिल्य नगर का यह घर भले ही नया बनकर तैयार हुआ है, लेकिन लालू परिवार के लिए यह पता बहुत पुराना है. इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के वोटर कार्ड और आधार कार्ड जैसे अहम सरकारी दस्तावेजों पर भी इसी कौटिल्य नगर वाले घर का पता दर्ज है.

10 सर्कुलर रोड की जगह मिले हैं ये बंगले

भवन निर्माण विभाग ने 10 सर्कुलर रोड का बंगला अब बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया है. इसके बदले सरकार ने राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के नाते पटना के पॉश हार्डिंग रोड इलाके में 39 नंबर का बंगला आवंटित किया है. वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में तेजस्वी यादव को 1 पोलो रोड का बंगला मिला है.

Advertisement

पहले राबड़ी देवी ने दी थी चेतावनी

कुछ समय पहले जब इस बंगले का आवंटन बदला गया था, तब राबड़ी देवी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए चुनौती दी थी- 'सम्राट चौधरी मुझे जबरन हटा दें, मैं यह बंगला खाली नहीं करने वाली.' हालांकि, अब 15 दिन की डेडलाइन खत्म होने और कौटिल्य नगर में राबड़ी देवी के लगातार निरीक्षण से यह साफ हो गया है कि बिहार की राजनीति का सबसे मशहूर '10 सर्कुलर रोड' अब लालू परिवार का नहीं रहा.

ये भी पढ़ें:- मॉनसून में 'गायब' हो जाएगी बारिश! प्रशांत महासागर में सुपर अल नीनो इफेक्ट शुरू, भारत के 197 जिलों में बड़ा खतरा

Advertisement
Featured Video Of The Day
पटना में रेलवे स्टेशन पर छात्रों का जबरदस्त हंगामा! पत्थरबाज-तोड़फोड़, कई पुलिसकर्मी घायल
Topics mentioned in this article
Rabri Devi
10 Circular Road
Bihar Politics