बिहार के सीमांचल इलाकों में इन दिनों एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो पहले बैंक से पैसे निकालने वाले वृद्धजनों और महिलाओं को टारगेट करता है. फिर उनके शरीर पर थूकता है और साफ करने के बहाने पैसे लूट कर फरार हो जाता है. यह मामला तब प्रकाश में आया जब कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से पैसे निकालकर घर जा रहे एक वृद्ध को इस गिरोह ने अपना शिकार बनाया, और दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गया. हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया है.
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिजीत कुमार सिंह ने बताया कि सहायक थाना क्षेत्र के मिर्चाईबाड़ी स्थित एसबीआई मुख्य शाखा से दो लाख निकासी कर अपने घर लौट रहे वृद्ध रामदेव चौधरी को इस गिरोह के द्वारा शिकार बनाया गया था.
एसडीपीओ ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि वृद्ध रामदेव चौधरी के शर्ट पर पहले गिरोह के एक सदस्य के द्वारा पान की पिरकी फेंक दिया गया और गिरोह के दूसरे व्यक्ति ने उसे इसे साफ करने की सलाह दी. इसी दौरान जिला परिषद कार्यालय के समीप वृद्ध अपने शर्ट को साफ करने लगे. तभी दोनों अपराधियों के द्वारा मौके का फायदा उठाते हुए उनसे दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए.
पीड़ित रामदेव चौधरी जिला परिषद में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी थे. इस गैंग के बारे में एएसपी कटिहार अभिजीत सिंह ने बताया कि बैंक से पैसा निकालने के बाद रामदेव चौधरी जब घर की ओर जा रहे थे, तभी दो व्यक्ति आए, एक ने उनके ऊपर पान का पिक फेंक दिया. दूसरा उसे साफ करने को कहने लगा. पीक की गंदगी साफ करने के लिए जैसे ही वो झुके तभी दूसरा व्यक्ति उसके हाथ से झोला लेकर भाग गया.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों व्यक्ति की पहचान कर ली. इसमें से एक व्यक्ति आकाश कुमार जो पटना के बाढ़ का रहने वाला है. उसे गिरफ्तार किया है. दूसरे व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और साथ ही साथ जो दो लाख छीने गए है, उसे बरामद कर लिया गया है.
यह भी पढ़ें -पुष्पा भी फेल! बिहार में होली से पहले ट्रेन से शराब तस्करी की निंजा टेक्निक, ठिकाना भी ऐसा कोई सोच नहीं सकता, VIDEO














