सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपये लूटने वाले अपराधी का पटना पुलिस ने किया एनकाउंटर, 4 अन्य साथियों को भी दबोचा

पटना के गोपालपुर में CMS सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपये लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. मंगलवार सुबह हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके 4 साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पटना कैश वैन लूटकांड: पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली, 4 साथी दबोचे गए
NDTV Reporter

Patna News: बिहार की राजधानी पटना में बीते बुधवार को हुई 27 लाख रुपये की सनसनीखेज कैश वैन लूट मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. मंगलवार की सुबह गोपालपुर थाना क्षेत्र के उदयनी गांव के पास पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया. खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया. वहीं, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसके बाकी 4 साथियों को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया है.

अस्पताल में भर्ती है घायल आरोपी

इस वारदात के बाद गोपालपुर पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने वारदात वाली जगह से बदमाशों की मोटरसाइकिल और कारतूस के कई खोखे बरामद किए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और छानबीन जारी है. मौके पर पटना के सीनियर एसपी कार्तिकेय शर्मा के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है.

क्या था पूरा मामला?

दरअसल, यह पूरी वारदात बुधवार, 13 मई 2026 को हुई थी. गोपालपुर थाना इलाके के जोल बीघा में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए 5 बदमाशों ने हथियार के बल पर 'CMS सिक्योरिटी वैन' को घेर लिया था. जब वैन के गार्ड ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और वैन में रखा 27 लाख रुपयों से भरा बक्सा लूटकर रफूचक्कर हो गए. हैरानी की बात यह रही कि भागने के दौरान बदमाशों ने वारदात वाली जगह से करीब 3 किलोमीटर दूर एक खेत में रुपयों से भरा बक्सा फेंक दिया था.

पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल

इस बड़ी लूट के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया. अपराधियों को पकड़ने के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई, जो लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. इसी बीच, मंगलवार की तड़के सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कैश वैन लूटने वाले बदमाश उदयनी गांव के पास किसी साजिश के तहत इकट्ठा हुए हैं.

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी. पुलिस को अपने सामने देख बदमाशों ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा और बाकी 4 को पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया. फिलहाल, पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि लूट की रकम और इनके पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके.

ये भी पढ़ें:- पेट्रोल-डीजल और दूध के बाद अब ब्रेड भी हुई महंगी, 40 रुपये वाला पैकेट अब कितने का मिल रहा?

Advertisement
Featured Video Of The Day
आवारा कुत्तों पर सिस्टम फेल? सुप्रीम कोर्ट ने क्याें दिया आदेश, मेनका गांधी ने बताया पूरा सच