तेज प्रताप यादव को पटना पुलिस ने लिया हिरासत में, अभिजीत दीपके को बिहार आने का दिया था न्योता

जेजेडी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को बिहार आने का निमंत्रण दिया था और आंदोलन का समर्थन करने की बात कही थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जेजेडी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.

बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई जब जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. जानकारी के अनुसार तेज प्रताप यादव को पटना के सिटी सेंटर मॉल के पास से पुलिस अपने साथ लेकर गई. पहले उन्हें दानापुर थाना ले जाया गया. बाद में पत्रकारों और समर्थकों के वहां पहुंचने की सूचना मिलने के बाद उन्हें राजधानी के दूसरे थाने में ले जाया गया.

कई थानों की पुलिस रही मौजूद

तेज प्रताप यादव को हिरासत में लेने के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा. बताया जा रहा है कि एसपी लॉ एंड ऑर्डर, टीएसपी पश्चिमी संकेत कुमार तथा आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर मौजूद थी. सूत्रों के अनुसार उन्हें एक थाने से दूसरे थाने ले जाया जाता रहा. इस पूरी कार्रवाई में एएसपी कोमल मीणा की टीम भी शामिल रही.

सुबह छात्रों के प्रदर्शन में हुए थे शामिल

हिरासत में लिए जाने से कुछ घंटे पहले तेज प्रताप यादव छात्रों के आंदोलन में शामिल हुए थे. उन्होंने आंदोलन के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और बाद में सोशल मीडिया पर एक लंबा संदेश भी साझा किया.
अभिजीत दीपके को बिहार आने का दिया निमंत्रण

Advertisement

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में तेज प्रताप यादव ने लिखा था:

"मैं, तेज प्रताप यादव, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके से यह विशेष अपील करता हूँ कि वे अविलंब बिहार की धरती पर आएं. बिहार की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए आज एक कड़े और मजबूत जनांदोलन की आवश्यकता है. मैं उनसे आग्रह करता हूँ कि वे बिहार आकर यहां की जनता की आवाज़ बनें और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करें. इस परिवर्तन की लड़ाई में मेरी पार्टी जनशक्ति जनता दल और मेरे समर्थकों का पूर्ण और अटूट समर्थन उनके साथ रहेगा. बिहार के बेहतर भविष्य और जनहित के लिए जो भी कड़े कदम उठाने होंगे, उसमें हम कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे."

पटना में आंदोलन करने की भी कही बात

पोस्ट के बाद तेज प्रताप यादव ने CJP नेता अभिजीत दीपके को बिहार आने का खुला निमंत्रण दिया. उन्होंने कहा कि CJP को पटना आना चाहिए और वे स्वयं उनके साथ मिलकर आंदोलन करेंगे. 

हालांकि तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिए जाने के मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसे में कार्रवाई के कारणों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है. वहीं उनके समर्थक पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें- बिहार: कई जिलों में पथराव, आगजनी और पुलिस से झड़पें, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शांत हुआ आंदोलन

Featured Video Of The Day
'सिवान में छात्रों पर AK 47 से फायरिंग' तेजस्वी यादव का बड़ा आरोप

Topics mentioned in this article
Tej Pratap Yadav
Patna Police
Bihar Student Movement