रामनवमी पर रात 2 बजे खुलेंगे पटना महावीर मंदिर का पट, 25 हजार किलो नैवेद्यम तैयार... प्रशासन भी मुस्तैद

भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव रामनवमी पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा. इस वर्ष महावीर मंदिर में पांच लाख भक्तों के दर्शन करने का अनुमान मंदिर प्रबंधन ने लगाया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पटना महावीर मंदिर
Bihar News:

रामनवमी को लेकर पूरे देश में तैयारी चल रही है. वहीं बिहार में भी जोर-शोर से मंदिरों में तैयारी अंतिम चरण में है. वहीं बिहार की राजधानी पटना के मशहूर महावीर मंदिर में रामनवमी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है. पटना सहित राज्य के कस्बों, गांवों तक मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव रामनवमी पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा. वहीं पुलिस-प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां कर ली है. जबकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी है.

पटना की सभी सड़कों को झंडों और बैनरों से सजाया गया है. प्रदेश में मंदिरों को फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया है. पटना स्टेशन पर मौजूद महावीर मंदिर में रामनवमी में विशेष व्यवस्था की जाती है. यहां भारी संख्या में पूरे राज्य से लाखों भक्त पहुंचते हैं. ऐसे में महावीर मंदिर का पट शुक्रवार को अहले सुबह दो बजे खोल दिया जाएगा.

5 लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान

भगवान की विशेष पूजा और आरती के बाद भक्त मंदिर में स्थित हनुमानजी के दोनों विग्रहों का दर्शन कर सकेंगे. इस वर्ष मंदिर में पांच लाख भक्तों के दर्शन करने का अनुमान मंदिर प्रबंधन ने लगाया है. मंदिर प्रबंधन ने कहा कि इस वर्ष रामनवमी के दिन सबसे पहली कतार में लगे दर्शन करने वाले 10 भक्तों को मंदिर प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा.

25 हजार किलो नैवेद्यम तैयार

महावीर मंदिर में नैवेद्यम प्रसाद की काफी मांग होती है. वहीं रामनवमी में भक्त इसी प्रसाद से पूजा करने जाते हैं. बताया जा रहा है कि इस साल रामनवमी को लेकर 25 हजार किलो नैवेद्यम (खास तरीके से तैयार प्रसाद) तैयार किया जा रहा है. श्रद्धालुओं को नैवेद्यम खरीदने के कई काउंटर लगाए जा रहे हैं.

Advertisement

श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने बताया कि रामलला के जन्मोत्सव के अवसर पर फूलों की बारिश कराई जाएगी. मंदिर के अंदर और बाहर भक्तों की भीड़ की निगरानी सीसीटीवी कैमरों द्वारा की जाएगी. पिछले वर्ष की तुलना में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है. इस बार रामनवमी पर 52 झांकियां झंडा लेकर मंदिर पहुंचेंगी.

पूजन का होगा सीधा प्रसारण 

वीर हनुमान के पूजन का सीधा प्रसारण देखने के लिए 20 एलईडी स्क्रीन लगाए जा रहे हैं, जिससे पंक्तिबद्ध श्रद्धालु भी पूजन कार्यक्रम को देख सकें. पटना में इस वर्ष रामनवमी के मौके पर शाम को शोभायात्रा निकाली जा रही है. सभी 52 शोभायात्राएं विभिन्न इलाकों से डाकबंगला चौराहे पहुंचेंगी, जहां इन शोभायात्राओं का स्वागत किया जाएगा. इस मौके पर कई गणमान्य लोग रहेंगे.

Advertisement

इधर, पटना में सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं. जगह-जगह पर अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. महावीर मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इस बार तीन लेयर में व्यवस्था लागू की गई है. मंदिर परिसर और उसके आसपास काफी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग आधुनिक कंट्रोल रूम से की जाएगी.

यह भी पढ़ेंः बंगाल में रामनवमी जुलूस : श्रद्धा और सियासत के बीच की लाइन गड्डमड्ड हो गई है - NDTV ग्राउंड रिपोर्ट

Featured Video Of The Day
Bengal Election 2026: चुनावी बिसात में विकास और जनता के मुद्दों की जगह Hindu-Muslim की बात क्यों?