बिहार के नालंदा में बम मिलने से हड़कंप, पुलिस ने सुरक्षित घेरा बनाकर आम लोगों को किया दूर

बम खेत के बीचों-बीच एक डिब्बे में रखा हुआ था. डिब्बे में चार से पांच की संख्या में संदिग्ध बम देखते ही लोग घबरा गए और पुलिस को इसकी सूचना दी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
बिहार के नालंदा में बम मिलने से हड़कंप

बिहार के नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड अंतर्गत चेरो ओपी थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया. जब मुशहरी गांव के खंधा स्थित गेहूं के खेत में संदिग्ध बम मिलने की सूचना सामने आई. खेत में बम मिलने की घटना सोमवार की शाम करीब 4 बजे पता चली. इसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल के चारों ओर सुरक्षित घेरा बनाकर आम लोगों को दूर किया. संदिग्ध बम की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया.

खेत के बीचों-बीच डिब्बे में मिला बम

जानकारी के अनुसार, डिहरी पंचायत के मुशहरी गांव के पश्चिम दिशा में स्थित खेत में कुछ किसान गेहूं की कटाई के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर खेत के बीचों-बीच एक डिब्बे पर पड़ी, जिसमें चार से पांच की संख्या में संदिग्ध बम रखे हुए दिखाई दिए. यह दृश्य देखकर किसान घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. 

सूचना मिलते ही चेरो ओपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल क्षेत्र को अपने कब्जे में लेते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर दी. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आम लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी. हालांकि बम मिलने की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई. 

मौके पर बुलाया गया बम निरोधक दस्ता

चेरो ओपी थाना प्रभारी रौशन कुमार ने बताया कि बरामद संदिग्ध वस्तु को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है. पुलिस ने स्थल को सुरक्षित कर लिया है और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है. उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता को भी बुलाया जा सकता है, ताकि वस्तु की जांच कर यह स्पष्ट किया जा सके कि वह वास्तव में बम है या कोई अन्य सामग्री. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

Advertisement

यह भी पढे़ं-

गया में पुलिसकर्मियों पर पथराव, गाड़ी का शीशा टूटा; बालू ट्रैक्टर जब्ती के दौरान झड़प

बिहार में शराब तस्कर के हौसले बुलंद, पुलिस पर पत्थरों से हमला, पकड़ने पर जवान को दांतों से काटा

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Gold Silver Rate | Hormuz पर Trump का बड़ा ऐलान, सोना-चांदी फिरसे गिरा धड़ाम! | War News