- नवादा के हिसुआ के प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय परीक्षा केंद्र से फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है
- जमुई जिले के नीतीश कुमार ने छात्र विलेंद्र कुमार की जगह इंटरमीडिएट परीक्षा देने की कोशिश की थी
- प्रवेश पत्र मिलान में गड़बड़ी पाई गई, जिसके बाद नीतीश कुमार को पुलिस को सौंप दिया गया
बिहार के नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र स्थित प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय परीक्षा केंद्र से गुरुवार को इंटरमीडिएट परीक्षा में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. एक परीक्षार्थी के बदले परीक्षा दे रहे मुन्ना भाई को जांच के दौरान पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान जमुई जिले के खड़गपुर निवासी 21 वर्षीय नीतीश कुमार के रूप में की गई है. वह वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के शौर्य चंडीपुर इंटर विद्यालय के छात्र विलेंद्र कुमार (पिता- सतेंद्र कुमार) की जगह पर परीक्षा दे रहा था. बताया जा रहा है कि विलेंद्र कुमार असल में ट्रक ड्राइवर है.
प्रवेश पत्र मिलान में मिली गड़बड़ी
परीक्षा केंद्र पर तैनात बीईओ अमरजीत कुमार और जेसीओ मुकुल रंजन को युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ. संदेह के आधार पर जब प्रवेश पत्र का मिलान किया गया तो उसमें गड़बड़ी पाई गई. इसके बाद पूछताछ करने पर युवक की सच्चाई सामने आ गई, जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया.
पूछताछ में गिरफ्तार नीतीश कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्त राजीव कुमार के कहने पर विलेंद्र कुमार के बदले परीक्षा देने आया था. उसने स्वीकार किया कि सभी विषयों की परीक्षा देने के लिए 14 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था. नीतीश ने यह भी बताया कि वह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है और यह उसकी पहली बार किसी और के बदले परीक्षा देने की कोशिश थी.
थानाध्यक्ष मृत्युंजय ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. परीक्षा में कदाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं.
कदाचार में 11 परीक्षार्थी निष्कासित
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा–2026 के तीसरे दिन दूसरी शिफ्ट में जिला पदाधिकारी नवादा रवि प्रकाश ने हिसुआ स्थित टीएस कॉलेज एंड इंटर स्कूल परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान दूसरी शिफ्ट में कदाचार के मामलों में कुल 11 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया. टीएस कॉलेज, हिसुआ परीक्षा केंद्र से आसिफ रजा, प्रणव कुमार और सत्यम कुमार को कदाचार में संलिप्त पाए जाने पर निष्कासित किया गया. वहीं इंटर स्कूल, हिसुआ परीक्षा केंद्र से अभिषेक कुमार, रंजन कुमार, आशीष कुमार, आर्यन कुमार, सैफ रजा, सत्यांश कुमार, आकाश कुमार और पप्पू कुमार को परीक्षा से बाहर कर दिया गया.














