मधुबनी रेलवे स्टेशन पर हैरान करने वाला 'संयोग'! 4 साल पहले जहां लगी थी आग, वहीं फिर जलकर खाक हुई ट्रेन की बोगी

मधुबनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी जयनगर-उधना एक्सप्रेस की बोगी में अचानक लगी भीषण आग ने 2022 की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं. यह एक संयोग है कि चार साल पहले इसी प्लेटफॉर्म पर एक अन्य ट्रेन भी आग की भेंट चढ़ गई थी. पढ़ें गौरव कुमार की यह रिपोर्ट.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
मधुबनी रेलवे स्टेशन पर उधना एक्सप्रेस की बोगी में लगी आग.
NDTV Reporter

Bihar News: बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यहां प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी जयनगर-उधना अंत्योदय एक्सप्रेस की एक बोगी में अचानक भयानक आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई. गनीमत यह रही कि उस समय ट्रेन खाली थी, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ.

शंटिंग के दौरान अचानक भड़की आग

चश्मदीदों के मुताबिक, यह घटना उस वक्त हुई जब स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर ट्रेन के डिब्बों को आगे-पीछे सेट करने का काम चल रहा था. इसी दौरान ट्रेन के डिब्बा नंबर 154788 से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं. ट्रेन में आग देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेल कर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

दमकल की गाड़ियों ने बाकी डिब्बों को बचाया

आग लगने की खबर मिलते ही रेलवे के सुरक्षाकर्मी और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. लोकल फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे ट्रेन के बाकी डिब्बों में फैलने से रोक लिया, जिससे एक बहुत बड़ा रेल हादसा टल गया. हालांकि, जिस बोगी में आग लगी थी, वह पूरी तरह जल चुकी है.

DRM बोले- 5 विभागों को टीम करेगी जांच

इस घटना की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम (DRM) ज्योति प्रकाश मिश्रा तुरंत मधुबनी स्टेशन पहुंचे. उन्होंने जली हुई बोगी का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता से भी बातचीत कर फीडबैक लिया. डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने बताया, 'इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि आखिर चूक कहां हुई. इसके लिए रेलवे के 5 मुख्य विभागों- सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल, ऑपरेशंस, मैकेनिकल और आरपीएफ की एक संयुक्त टीम बनाई गई है. यह टीम हर एक तकनीकी और सुरक्षा पहलू की जांच करेगी.'

Advertisement

साल 2022 का अजीब संयोग

रेलवे अधिकारी इस मामले में किसी बाहरी साजिश के एंगल को भी खारिज नहीं कर रहे हैं. इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी शरारती या असामाजिक तत्व ने तो ट्रेन में आग नहीं लगाई. आपको बता दें कि साल 2022 में भी इसी मधुबनी स्टेशन के इसी प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी 'स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस' के 5 डिब्बों में अचानक ऐसे ही आग लग गई थी. अब दोबारा उसी जगह उधना एक्सप्रेस में आग लगने के बाद रेलवे के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं.

Featured Video Of The Day
Banega Swasth India: पीरियड्स पर चुप्पी तोड़ना कितना जरूरी? | Ayushmann Khurrana | NDTV India