मधेपुरा जिले के बिहारीगंज में रविवार देर रात खौफनाक मंजर देखने को मिला. रात करीब डेढ़ बजे जब सड़क पर सन्नाटा था, तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक ने देखते ही देखते तबाही मचा दी. बेकाबू ट्रक पहले सड़क किनारे बने यात्री शेड से टकराया और उसे पूरी तरह तोड़ डाला. फिर सीधे विशनपुर के स्कूल की दीवार में जा घुसा. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. ट्रक की टक्कर के बाद सुपौल निवासी संजय यादव की मौके पर ही दम तोड़ दिया. ट्रक का ड्राइवर संजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर संजीत कुमार को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.
घायल खलासी मौके से फरार
टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. जबकि ट्रक में सवार 15 वर्षीय खलासी घायल हालत में मौके से फरार हो गया.
ट्रक की हालत देखकर हादसे का अंदाजा लगाया जा सकता है.
काफी देर तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उनका कहना है कि मृतक कुछ ही महीने पहले काम पर लगा था और अब यह दर्दनाक खबर मिली.
यह भी पढ़ेंः NGO की आड़ में बाप-बेटे ने बनाई गैंग, रिटायर्ड बैंककर्मी को डिजिटल अरेस्ट कर ऐंठे 67 लाख रुपये














