- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार
- निशांत कुमार ने सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन भी किया है, पटना-मसूरी से स्कूली पढ़ाई पूरी हुई
- निशांत कुमार ने स्पष्ट किया था कि उन्हें राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं, उनका प्राथमिक झुकाव अध्यात्म की ओर
बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पॉलिटिक्स में ग्रैंड एंट्री के लिए तैयार हैं. यूं तो उनके राजनीति में आने और उन्हें राजनीति में लाने के लिए मनाने का दौर लंबे समय से चल रहा था पर अब सब क्लियर हो गया है. निशांत कुमार के अलावा जनता दल यूनाइटेड से रामनाथ ठाकुर, बीजेपी से पावर स्टार पवन सिंह, शिवेश राम और आरएलएम से उपेंद्र कुशवाहा का नाम फाइनल माना जा रहा है. इन सबमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पर सबकी नजरें होंगी.
इन कदमों ने किए इशारे
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के यूं तो एक्टिव राजनीति में आने के कयास काफी दिनों से थे. निशांत कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखाई दिए तो पिता के साथ उनके जन्मदिन पर साथ नजर भी आए थे. 1 मार्च को नीतीश कुमार के जन्मदिन पर उन्होंने अपने पिता को केक खिलाया था और हनुमान मंदिर जाकर पिता के लिए पूजा अर्चना की थी. लोगों का कहना है कि नीतीश कुमार का खराब स्वास्थ्य के बीच निशांत कुमार की सक्रियता ने भी उनकी राजनीति में आने को लेकर खूब हवा उड़ाई. यही नहीं, कयासों का बाजार साल 2025 के बिहार चुनाव में भी लगे थे,तब यह माना जा रहा था कि निशांत बिहार विधानसभा चुनाव से एंट्री कर सकते हैं और उन्हें टिकट दी जा सकती है,लेकिन टिकट न मिलने के साथ ही सभी बातों पर विराम लग गया.
कहां हुआ जन्म? यहां पूरी हुई शिक्षा
सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का जन्म 20 जुलाई 1975 को बिहार में हुआ था. निशांत अपने पिता नीतीश और माता मंजू सिन्हा के एकलौते बेटे हैं. निशांत जब 32 साल के थे. मां का निधन हो गया. निशांत ने अपना शुरुआती जीवन बिहार में ही बिताया और पटना की सेंट करेन स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने मसूरी के मानव भारती इंडिया इंटरनेशनल स्कूल से आगे की पढ़ाई पूरी की. निशांत ने मेसरा के बिरला इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कॉलेज की पढ़ाई पूरी की है. निशांत ने यहां से सॉफ्टवेयर इंजीनयरिंग में ग्रेजुएशन किया हुआ है.
2017 में कर दिया था क्लियर,पॉलिटिक्स में नहीं आऊंगा
बिहार की राजनीति के माहिर खिलाड़ी नीतीश कुमार से उलट निशांत कुमार का राजनीति में आने को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं थी. साल 2017 में निशांत ने खुद कहा था कि उन्हें राजनीति में नहीं आना है. बकौल निशांत, मुझे न तो पॉलिटिक्स की जानकारी है और न इस क्षेत्र में आने को लेकर मेरी कोई दिलचस्पी है. मेरा पहली पसंद अध्यात्म है और मैं इसी मार्ग पर आगे भी बढ़ रहा हूं.
पिता के साथ पहली बार दिखे
2025 जनवरी में लोगों की नजरों,लाइमलाइट से दूर रहने वाले निशांत पहली बार किसी सार्वजनिक मंच पर दिखे थे. यहां निशांत बिहार के बख्तियारपुर में स्वतंत्रता सैनानियों की याद में आयोजित एक कार्यक्रम में आए थे. उन्होंने यहां पहली बार लोगों से अपने पिता को समर्थन देने की मांग की थी. उसके बाद होली मिलन समारोह में जेडीयू के सीनियर लीडरों से मुलाकात और जून में पिता नीती कुमार के साथ बख्तियारपुर रिवरफ्रंट के उद्घाटन समारोह में साथ दिखे थे. उन्होंने कहा था कि यहां आकर मुझेअपना बचपनयाद आ जाता है.
कितनी संपत्ति के मालिक हैं निशांत कुमार?
निशांत कुमार को पिता नीतीश की ही तरह बेहद सरल और सादगी भरे व्यक्तित्व वाला इंसान माना जाता है. निशांत को ई-रिक्शा पर बैठ यात्रा करते और डीएम के पैर छूकर आशीर्वाद लेते देख लोग भी उनके संस्कारों की खूब तारीफ करते दिखे. हाल ही में, निशांत कथित तौर पर सरकार के कई अहम निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों में काफी नजदीक से जुड़े रहे हैं. इसके साथ ही वह राममनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण जैसे समाजवादी नेताओं के विचारों का भी अध्ययन कर रहे हैं.निशांत कुमार की कुल संपत्ति करीब 3.61 करोड़ रुपये बताई जाती है. इसमें 1.63 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 1.98 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है, जो उनकी मां ने उन्हें हस्तांतरित की थी. समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, इसमें उनकी मां के रिटायरमेंट के लाभ भी शामिल थे.














