Bihar News: पश्चिम बंगाल और असम चुनाव के नतीजों के बाद देश में 'वोट चोरी' के आरोपों पर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के इन आरोपों पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने मंगलवार को खगड़िया (Khagaria) में करारा हमला बोला है. चिराग ने दो टूक शब्दों में कहा है कि विपक्ष अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए जनता के फैसले का अपमान कर रहा है. उन्होंने साफ कहा कि जब आपकी नीतियां ही साफ नहीं हैं, तो जीत की उम्मीद करना बेमानी है.
'भ्रष्टाचार और हिंसा को बढ़ावा देंगे, तो हार तय है'
खगड़िया में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि जनता सब देख रही है. उन्होंने विपक्षी दलों को आईना दिखाते हुए कहा, 'जब आप हिंसा और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देंगे और अपने ही गठबंधन के घटक दलों को हराने का प्रयास करेंगे, तो जनता आपको क्यों जिताएगी?' चिराग के मुताबिक, विपक्ष का पूरा ध्यान केवल सत्ता पाने पर है, न कि जनता की सेवा पर, और यही उनकी हार की सबसे बड़ी वजह है.
इंडी गठबंधन की 'कलह' का किया खुलासा
चिराग पासवान ने इंडी गठबंधन (INDI Allaince) के भीतर चल रही आपसी खींचतान पर भी तंज कसा. उन्होंने केरलम का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस ने अपने ही सहयोगी दल 'लेफ्ट' को हराने का काम किया है. चिराग ने कहा कि जिस गठबंधन के दल एक-दूसरे की जड़ें काटने में लगे हों, उन्हें जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि एनडीए की सफलता का राज उसकी एकजुटता है, जबकि विपक्ष में केवल बिखराव है.
NDA की जीत को बताया ऐतिहासिक
बंगाल के नतीजों पर चर्चा करते हुए चिराग ने इसे एनडीए की ऐतिहासिक जीत बताया. उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल कंधे से कंधा मिलाकर लड़ते हैं, यही वजह है कि जनता का भरोसा उन पर कायम है. खगड़िया पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया.
ये भी पढ़ें:- तमिलनाडु में थलापति विजय ने ऐसा क्या कमाल किया, जो रजनीकांत और कमल हासन नहीं कर पाए?













