बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा को लेकर नालंदा पहुंचे थे. बता दें समृद्धि यात्रा का गुरुवार (26 मार्च) को आखिरी दिन है. हालांकि यात्रा के आखिर में एक अनहोनी होने वाली थी, जो टल गई. सीएम नीतीश कुमार का काफिला गुरुवार को जब नालंदा पहुंच रहा था. इस दौरान एक अनहोनी घटना होने वाली थी. जिसमें एक बच्ची सीएम के काफिले का शिकार होने वाली थी. हालांकि महिला पुलिसकर्मी की सतर्कता से यह हादसा टल गया. लेकिन इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले के दौरान गुरुवार को एक महिला पुलिस कर्मी की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया. घटना उस समय की है, जब मुख्यमंत्री समृद्धि यात्रा के तहत नालंदा कॉलेज से सड़क मार्ग होते हुए भरावपर फ्लाईओवर के उद्घाटन के लिए जा रहे थे.
गाड़ी के काफिलों के पास पहुंच गई थी बच्ची
जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला भैंसासुर देवी, रांची रोड स्थित देवी स्थान के समीप पहुंचा, उसी दौरान एक छोटी बच्ची अचानक सड़क पार करने लगी. उसी समय काफिले के साथ चल रही एक एम्बुलेंस तेज रफ्तार से वहां से गुजर रही थी और बच्ची उसके बेहद करीब पहुंच चुकी थी. स्थिति काफी गंभीर हो गई थी और बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई थी.
बाल-बाल बच गई बच्ची की जान
इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत दौड़ लगाई और बच्ची को अपनी ओर खींच लिया. उनकी तत्परता और साहसिक कदम से बच्ची एम्बुलेंस की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई.
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और महिला पुलिसकर्मी की बहादुरी की जमकर सराहना की. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते यह कदम नहीं उठाया जाता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था.














