बिहार के भागलपुर में एक नाव गंगा नदी में पलट गई. नाव में 21 मजदूर सवार थे. 19 मजदूरों ने नदी में तैर कर अपनी जान बचाई. वहीं दो मजदूर लापता बताया जा रहा है. फिलहाल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. ये मजदूर गंगा नदी के कटाव को रोकने का काम कर रहे थे. नाव पर रेत की बोरियां भी लदी थीं.
जानकारी के अनुसार, भागलपुर के नवगछिया अंतर्गत खरीक प्रखंड के राघोपुर तटबंध के पास गंगा नदी में यह हादसा हुआ. मजदूर रेत की बोरियों के जरिए नदी का कटाव रोकने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान अचानक वजन कम होने और नदी की बदलती धारा का विपरीत दबाव बढ़ने से नाव पलट गई और उस पर सवार सभी 21 मजदूर गंगा में गिर गए. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक लापता मजदूर की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है.
गौरतलब है कि राघोपुर गांव में दो दिन पहले गंगा का तटबंध टूटने से बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल के आवास सहित पूरे इलाके में पानी घुस गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया था और जिला प्रशासन को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं. जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
भागलपुर की DM अलंकृता पांडे ने बताया कि नाव पर 21 लोग सवार थे. मौके पर मौजूद SDRF की टीम ने उनमें से 19 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है. दो लोग अभी भी लापता हैं और SDRF की टीम उनकी तलाश कर रही है.. ऐसा लगता है कि नदी में भंवर बनने के कारण नाव पलट गई. लाइफ जैकेट पहनने के पहले के निर्देशों का पालन नहीं किया गया. वेंडर्स के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी. जिन ठेकेदारों को नियमों का पालन सुनिश्चित करना था, वे सिकंदर मंडल और बादल मंडल हैं. नावों से होने वाला काम रोक दिया गया है. ट्रैक्टरों का इस्तेमाल करके सुरक्षा का काम जारी रहेगा.