राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पटना पहुंचने पर जोरदार स्वागत, संघर्ष को याद कर हुए भावुक

अपने भाषण के दौरान नितिन नबीन भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि साल 2006 में पिता के निधन के बाद उन्होंने राजनीति की शुरुआत की थी. पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और हर कदम पर आगे बढ़ने का अवसर दिया.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पटना में नितिन नबीन का बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया
  • बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने राजनीति को निरंतर संघर्ष और सेवा का मार्ग बताया
  • उन्होंने अपनी राजनीतिक शुरुआत वर्ष 2006 में पिता के निधन के बाद एक कार्यकर्ता के रूप में बताई
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पटना:

बीजेपी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया. पटना के ज्ञान भवन में आयोजित स्वागत समारोह में बिहार बीजेपी के तमाम वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान पूरे सभागार में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पटना पहुंचे नितिन नबीन ने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राजनीति कोई शॉर्टकट नहीं है, बल्कि यह निरंतर संघर्ष, सेवा और संगठन के प्रति समर्पण का मार्ग है.

भावुक हुए नितिन नबीन, संघर्ष को किया याद

अपने भाषण के दौरान भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि साल 2006 में पिता के निधन के बाद उन्होंने राजनीति की शुरुआत की थी. पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और हर कदम पर आगे बढ़ने का अवसर दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं को याद करते हुए कहा कि कई ऐसे विधायक और कार्यकर्ता रहे हैं जिन्होंने उनकी उंगली पकड़कर राजनीति में चलना सिखाया. नितिन नबीन ने कहा कि उनकी शुरुआत बिहार में एक कार्यकर्ता के रूप में हुई थी और आज राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर होने के बावजूद वे स्वयं को एक कार्यकर्ता ही मानते हैं.

ये भी पढ़ें : बीजेपी मुख्यालय में नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का ग्रैंड वेलकम... तस्वीरों में देखिए

उन्होंने कहा कि संभव है देश के किसी कोने में कोई ऐसा कार्यकर्ता हो जिसने उन्हें कभी देखा न हो, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन पर जो भरोसा जताया गया है, उसके लिए वे सभी कार्यकर्ताओं को नमन करते हैं. उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र बांकीपुर की जनता को भी विशेष रूप से नमन किया.

जेपी को किया नमन, प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि

पटना आगमन के दौरान नितिन नबीन जयप्रकाश नारायण के आवास भी पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की. इस मौके पर उन्होंने कहा कि वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जेपी के विचारों और सोच को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार आगे बढ़ा रहे हैं और उनके सपनों को साकार करने की दिशा में देश को नई दिशा दी गई है. नितिन नबीन ने कहा कि बिहार और देश के विकास में उनका भी पूरा योगदान रहेगा. 

जंगलराज से NDA सरकार तक का जिक्र

अपने संबोधन में नितिन नबीन ने बिहार के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब कार्यकर्ता घर से निकलकर पर्ची बांटने में भी डरते थे. लेकिन NDA सरकार के आने के बाद हालात पूरी तरह बदल चुके हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार को सत्ता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका रही है और पार्टी को अपने संघर्ष और इतिहास को कभी नहीं भूलना चाहिए.

Advertisement

ये भी पढ़ें :नितिन नवीन और रेखा गुप्ता ने 500 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, दिल्ली देश की सबसे बड़ी 'ग्रीन फ्लीट' बनी

नितिन नबीन ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर को याद करते हुए कहा कि इन सभी नेताओं ने देश और बिहार को आगे बढ़ाने का काम किया. अब लक्ष्य है बिहार को “स्वर्णिम बिहार” बनाना.

Advertisement

कार्यकर्ताओं से की अपील

नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अगर कार्यकर्ता अच्छा काम करेंगे तो पार्टी का नाम रोशन होगा और अगर काम में कमी होगी तो पार्टी की छवि भी प्रभावित होगी. इसके साथ ही उन्होंने संगठन को हॉरिज़ॉन्टल और वर्टिकल, दोनों स्तरों पर मजबूत करने पर जोर दिया. साथ ही कहा कि केवल सरकार बनाना ही लक्ष्य नहीं है, बल्कि सरकार की नीतियों और कार्यों को जनता तक पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है.

शाहनवाज हुसैन का बयान

बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में बीजेपी आने वाले सभी राज्यों में चुनाव जीतेगी और सरकार बनाएगी. उन्होंने लोकसभा में विपक्ष द्वारा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने को लेकर राहुल गांधी पर भी जोरदार हमला बोला. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पटना पहुंचे नितिन नबीन आज रात बीजेपी नेताओं के साथ बीजेपी कार्यालय में मुलाकात करेंगे. कल वे बिहार विधानसभा जाएंगे. नितिन नबीन वर्तमान में बांकीपुर सीट से विधायक हैं. दो दिवसीय बिहार दौरे के बाद वे कल शाम दिल्ली लौट जाएंगे.

Advertisement
Featured Video Of The Day
NDTV EXCLUSIVE: 'ISLAM' ने Owaisi की AIMIM से किया किनारा? Nasreen Bano Sheikh Malegaon Mayor Burqa