Bihar weather update: केरल में मानसून के दस्तक देने के साथ ही देश के उत्तर- पूर्वी राज्यों के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. इसका सीधा असर अब बिहार में भी साफ दिखाई देने लगा है, जहां राज्य के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान से बड़ी राहत दी है. पटना मौसम केंद्र ने राज्य के 27 जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. जिसका असर 7 से 9 जून तक देखने को मिलेगा. साथ ही मौसम केंद्र ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी से उठा दक्षिण- पश्चिम मानसून मिजोरम और मणिपुर के कुछ हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ गया है जिसके कारण राज्य में जल्द ही मानसून की एंट्री हो सकती है.
27 जिलों में 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि आगामी 7 जून तक 27 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं धूलभरी आंधियां चल सकती हैं. इसके साथ ही इन इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी प्रबल आशंका जताई गई है.
डेहरी सबसे गर्म
अगर पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डाले तो राज्य के रोहतास जिले के डेहरी में सबसे अधिक तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा बक्सर, कैमूर, छपरा और पटना समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया गया. दिनभर रही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
27 जिलों में जारी बारिश का येलों अलर्ट
Photo Credit: NDTV
कहीं बारिश की फुहारों से मौसम हुआ सुहाना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में बिहार के सभी हिस्सों में एक जैसी मौसमी परिस्थितियां नहीं हैं,जिसके कारण राज्य दो भागों में बंटा नजर आ रहा है. उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं का प्रभाव बढ़ रहा है. इसी वजह से वहां घने बादल बन रहे हैं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं.
कहीं लू से सूरज की तपिश ने किया जीना मुहाल
इसके विपरीत दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई हिस्सों में अभी भी पछुआ यानी गर्म और शुष्क हवाओं का असर बना हुआ है. यही मुख्य कारण है कि एक तरफ जहां किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और दरभंगा जैसे जिलों में बारिश हो रही है, वहीं दूसरी तरफ रोहतास, कैमूर और बक्सर जैसे इलाकों में तापमान अधिक बना हुआ है.
मानसून के लिए बन रही अनुकूल परिस्थितियां
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से उठा दक्षिण- पश्चिम मानसून मिजोरम और मणिपुर के कुछ हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ गया है.उम्मीद जताई जा रही है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्रप्रदेश के कुछ हिस्सों से होते हुए पूर्वोत्तर राज्यों में अपनी पकड़ मजबूत कर लेगा. जिसके प्रभाव से वर्तमान में प्री-मानसून गतिविधियों के लिए अच्छी खबर खबर निकलकर आ रही है.
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही मौसमी स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रहती है, तो बिहार में मानसून के प्रवेश और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां पूरी तरह तैयार हो जाएंगी.जिससे जल्द ही पूरे राज्य को भीषण गर्मी से स्थाई निजात मिल सकेगी.
यह भी पढ़ें;