Bihar News: बिहार के कैमूर से एक बहुत ही दुखद घटना सामने आई है. जहां बेटे के सगाई समारोह से लौट रहे पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. एक पिता के लिए इससे बड़ा गर्व का दिन क्या होगा कि उसके बेटे का रिश्ता तय हो रहा हो. लेकिन कैमूर जिले में नियति को कुछ और ही मंजूर था. इस हादसे ने शादी वाले घर की शहनाइयों को चीख-पुकार में बदल दिया है.
एनएच-2 को पार करते समय हुआ हादसा
घटना कुदरा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-2 की है. जानकारी के अनुसार, मोहनिया थाना क्षेत्र के बडूपुर गांव के निवासी 76 वर्षीय सामा कांत साह अपने बेटे के सगाई समारोह में शामिल होने कुदरा गए थे. कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब वह वापस अपने घर लौटने के लिए एनएच-2 पार कर रहे थे, तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सामा कांत साह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचित किया. उन्हें इलाज के लिए तत्काल कुदरा पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही खुशियां मना रहे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
मुआवजे की मांग और कानूनी प्रक्रिया
सदर अस्पताल पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने बताया कि परिवार में शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और फिर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में 9 दवाओं के बिक्री-इस्तेमाल पर रोक, सरकारी अस्पताल में महिलाओं की मौत के बाद सरकार का फैसला














