बिहार में नई सरकार ने शहरी विकास को लेकर बड़ा कदम उठाया है. सम्राट चौधरी की सरकार ने राज्य के 11 प्रमुख शहरों के आसपास जमीन की खरीद-बिक्री और निर्माण पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला लिया है. यह रोक पटना, गया, मुंगेर, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया, सोनपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, भागलपुर और छपरा जैसे शहरों के आसपास लागू होगी. सरकार का मकसद इन क्षेत्रों में आधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करना है, ताकि आने वाले समय में ये इलाके सुनियोजित और स्मार्ट शहरों के रूप में विकसित हो सकें. जब तक इन शहरों का मास्टर प्लान तैयार नहीं हो जाता, तब तक किसी भी तरह की जमीन खरीद-बिक्री या निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी. इस मास्टर प्लान के तहत यह तय होगा कि किस क्षेत्र में रिहायशी कॉलोनी, व्यापारिक क्षेत्र, सड़कें, पार्क, स्कूल और अस्पताल बनाए जाएंगे.
क्या होगा आम लोगों पर असर?
सरकार ने अलग-अलग शहरों के लिए अलग समय सीमा तय की है. मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, भागलपुर और छपरा में यह रोक 30 जून 2027 तक लागू रहेगी. पटना सहित अन्य शहरों में यह प्रतिबंध 31 मार्च 2027 तक रहेगा. इस फैसले का असर दो तरह से दिखेगा. पहला तो यह है कि जिन लोगों ने अगले कुछ ही हफ्तों में जमीन खरीदने या बेचने की योजना बनाई थी, उन्हें थोड़ी परेशानी हो सकती है. दूसरा, जब प्लानिंग के अनुसार शहर विकसित होंगे तो बेहतर सड़कें, साफ-सफाई, रोजगार और रहने की सुविधाएं मिलेंगी. इसके लिए फिलहाल लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.
इस फैसले के पीछे दो बड़ी वजहें
बिहार के बड़े शहरों पर तेजी से जनसंख्या का दबाव बढ़ रहा है. योजना की कमी के चलते ट्रैफिक, जलजमाव और अव्यवस्था जैसी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं. यही वजह है कि सरकार सैटेलाइट टाउनशिप की योजना पर काम कर रही है. अक्सर देखा जाता है कि किसी बड़े प्रोजेक्ट की भनक लगते ही जमीन की कीमतें अचानक बढ़ जाती हैं और बिचौलियों की भूमिका बढ़ जाती है. जमीन खरीद-बिक्री पर रोक लगाकर सरकार इस तरह की गतिविधियों पर भी रोक लगाना चाहती है.
क्या हैं चुनौतियां?
सरकार का यह फैसला बिहार के शहरी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. अगर योजना सही तरीके से लागू होती है, तो आने वाले वर्षों में बिहार के शहरों का स्वरूप पूरी तरह बदल सकता है. हालांकि इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि सरकार कितनी तेजी के साथ मास्टर प्लान लागू करती है. जमीन अधिग्रहण में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही स्थानीय लोगों को उचित मुआवजा और पुनर्वास देना भी चुनौतीपूर्ण होगा.
यह भी पढ़ेंः 'लालू यादव ने मुझसे माफी मांगी थी, कहा था गलती हो गई', तेजस्वी को विधानसभा में CM सम्राट ने क्यों सुनाया ये किस्सा













