Bihar News: बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के करताहां थाना परिसर में एक प्रेमी युगल की शादी कराई गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. एक तरफ जहां लोग इसे पुलिस की दरियादिली मान रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कानून के जानकार इसे खाकी की मर्यादा के खिलाफ बता रहे हैं.
जानें क्या था पूरा मामला
मुजफ्फरपुर जिले की एक युवती अपनी सुरक्षा और शादी की गुहार लेकर करताहां थाने पहुंची थी. उसने बताया कि उसका प्रेम प्रसंग कंचनपुर धनुषी के रहने वाले छोटू कुमार से चल रहा है. युवती की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को थाने बुलाया.
दोनों पक्षों की सहमति के बाद आनन-फानन में थाना परिसर को ही विवाह मंडप में बदल दिया गया. पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरा और दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खा लीं. इस दौरान युवती के परिजन मौके पर नदारद रहे.
कानून के जानकारों का क्या कहना है?
इस शादी पर विवाद तब खड़ा हुआ जब विधि विशेषज्ञों ने इस पर सवाल उठाए. अधिवक्ता संतोष कुमार का कहना है कि पुलिस का प्राथमिक दायित्व कानून व्यवस्था बनाए रखना और बालिगों को सुरक्षा मुहैया कराना है.
थाना परिसर में शादी कराना न केवल उनके कार्यक्षेत्र से बाहर है बल्कि यह सेवा नियमों के भी विपरीत है. उनका मानना है कि इस तरह की घटनाओं से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं और भविष्य में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी हो सकती है.
एसपी ने दिए जांच के आदेश
मामला तूल पकड़ते ही वैशाली के एसपी विक्रम सिहाग ने इस पर संज्ञान लिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है.
यह भी पढ़ें- गाड़ी में जिंदा जलने से 10 घंटे पहले कांग्रेस नेता ने मांगी थी पुलिस सुरक्षा, घर में मिलीं खून से सनी ईंटें














