Bihar News: पटना में JEE की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र सौरभ कुमार ने पढ़ाई के बोझ से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. यह दुखद घटना मंगलवार रात सलीमपुर आहार इलाके में हुई जहां पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है. बिहार के गया जिले के अमास थाना क्षेत्र के बेलदारी बिघा गांव के रहने वाले महेश यादव के बेटे सौरभ कुमार पटना में JEE परीक्षा की तैयारी कर रहे थे. वे अपने दो चचेरे भाइयों मुकेश कुमार और अक्षय कुमार के साथ हॉस्टल में रहते थे.
तीनों ने दो कमरे किराए पर लिए थे. एक कमरा पढ़ाई के लिए और दूसरा सोने के लिए इस्तेमाल होता था. मंगलवार को सौरभ कोचिंग क्लास नहीं गए जबकि उनके चचेरे भाई क्लास गए हुए थे. शाम करीब 8:30 बजे जब भाई लौटे तो सौरभ ने दरवाजा नहीं खोला. उन्होंने रोशनदान से झांककर देखा तो सौरभ फंदे से लटके हुए नजर आए. तुरंत उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस पहुंची मौके पर
गांधी मैदान थाने की पुलिस FSL टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची. दरवाजा अंदर से बंद था इसलिए FSL टीम की मदद से उसे खोला गया. कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ जो सौरभ ने अपने माता-पिता के नाम लिखा था. नोट में सौरभ ने लिखा कि पूरी रात पढ़ाई करने के बावजूद उन्हें मनचाहे नतीजे नहीं मिल रहे थे. विषय समझ में नहीं आ रहे थे. इस वजह से वे बहुत परेशान हो गए थे. उन्होंने साफ लिखा कि उनकी मौत के लिए कोई और जिम्मेदार नहीं है. सिर्फ पढ़ाई का दबाव ही वजह है.
मानसिक दबाव में आया छात्र
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है. SHO अखिलेश मिश्रा ने बताया कि जांच जारी है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.यह घटना छात्रों में बढ़ते तनाव की ओर इशारा करती है. JEE जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी में कई छात्र मानसिक दबाव झेलते हैं.
यह भी पढ़ें- 8 साल बाद बार काउंसिल ऑफ राजस्थान चुनाव का मतदान आज, पहली बार महिला अधिवक्ताओं को आरक्षण














